By अनन्या मिश्रा | Nov 23, 2026
अक्सर जब भी लोग घूमने का प्लान करते हैं, तो सबसे पहले दिमाग में यह बात आती है कि कम बजट और कम समय में अधिक से अधिक जगहों को कैसे एक्सप्लोर करें। कई बार ऐसा होता है कि हम ट्रिप के दौरान एक शहर या फिर जगह घूमने जाते हैं। इसमें काफी सारा समय सिर्फ आने-जाने में निकल जाता है। लेकिन अगर आप एक ही बार घर से निकलकर दो-दो शानदार जगहों को एक्सप्लोर करना चाहती हैं। तो यह आर्टिकल आपके लिए है। आज हम इस आर्टिकल के जरिए आपको भारत के कुछ बेस्ट ट्रेवल कॉम्बिनेशन के बारे में बताने जा रहे हैं।
भारत में ऐसे कई बेहतरीन ट्रेवल कॉम्बिनेशन हैं, जो एक-दूसरे के बेहद पास है। आप इनको एक ही ट्रिप में एक्सप्लोर कर सकती हैं। जिससे आपका समय और बजट दोनों पर बोझ नहीं पड़ेगा। जैसलमेर और जोधपुर, मुन्नार और अलेप्पी, हरिद्वार और मसूरी, चेरापुंजी और गुवाहाटी जैसे कई ट्रैवल कॉम्बिनेशन हैं, जहां पर आप एक ही ट्रिप में दो जगहों को एक्सप्लोर कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: Travel Tips: मिजोरम का Aizawl बना भारत की इकलौती Silent City, Land of Highlanders की खूबसूरती मन मोहेगी
अगर आप भी ऊंचे पहाड़, ठंडी हवाएं और धार्मिक स्थलों पर शांति से समय बिताना पसंद है। तो आपके लिए उत्तर भारत के ये ट्रेवल कॉम्बिनेशन बेस्ट हैं।
हरिद्वार में आप गंगा आरती में शामिल हों और फिर कुछ दूरी पर स्थित क्वीन ऑफ हिल्स मसूरी की ठंडी वादियों का लुत्फ उठाएं।
अगर आप भी एडवेंचर के शौकीन हैं, तो मनाली बेस्ट है। इसके अलावा आप कसोल की शांत और हरी-भरी वादियों में घूम सकते हैं।
आप शिमला घूमने के बाद सीधे स्पीति वैली के मठों और खूबसूरत पहाड़ों को देख सकती हैं।
नैनीताल में झीलों में बोटिंग करने के बाद नैना देवी मंदिर और पास में स्थित कैंची धाम जाकर नीम करौली बाबा के दर्शन कर सकते हैं।
अगर आप तिब्बती कल्चर, खूबसूरत मोनेस्ट्रीज और चाय के बागानों को देखना चाहती हैं, तो आप धर्मशाला और मेकलोडगंज एक्सप्लोर कर सकती हैं।
आपको यदि आध्यात्मिक ट्रिप पसंद है, तो काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद अयोध्या में श्री राम मंदिर के दर्शन के लिए जा सकती हैं।
अगर आप भी आलीशान महल, रंग-बिरंगी संस्कृति और फैले हुए रेगिस्तान को करीब से देखना चाहती हैं। तो आप नीचे बताई गई जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकती हैं।
गोल्डन सिटी के नाम से फेमस जैसलमेर के रेतीले टीलों में कैंपिंग करें और फिर ब्लू सिटी जोधपुर के किलों को देखने निकल जाएं।
जयपुर के ऐतिहासिक महलों और मार्केट को एक्सप्लोर करने के बाद खाटू श्याम मंदिर के दर्शन करने भी जा सकती हैं।
गुलाबी शहर के नाम से फेमस जयपुर की रौनक देखने के बाद आप पुष्कर निकल जाएं। यहां पर पुष्कर सरोवर और ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सकती हैं।
आप झीलों की नगरी उदयपुर की सुंदरता को देख सकती हैं और फिर राजस्थान के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू को एक्सप्लोर कर सकती हैं।
गुजरात में सोमनाथ महादेव के ज्योतिर्लिंग दर्शन करें। इसके बाद पास में मौजूद दीव के खूबसूरत बीचेज पर रिलैक्स कर सुकून के पल बिता सकती हैं।
अगर आप भी नदियां, चाय के बागान, खूबसूरत बीच और हरियाली देखना चाहते हैं। तो साउथ इंडिया का यह कॉम्बिनेशन आपके लिए बेस्ट है।
केरल के मुन्नार में चाय के हरे-भरे बागानों को देखने के बाद अलेप्पी जाकर हाउसबोट में बैकवॉटर की सवारी ले सकती हैं।
कोयंबटूर में आदियोगी शिव प्रतिमा के दर्शन करें और फिर ऊटी की हसीन वादियों में सुकून के दो पल बिता सकती हैं।
मैसूर के आलीशान राजमहल और ऐतिहासिक धरोहरों को एक्सप्लोर करने के बाद कूर्ग के कॉफी बागानों और झरनों का दीदार करें।
रामेश्वरम मंदिर में पूजा-अर्चना करें और फिर भारत का अंतिम छोर कहे जाने वाले धनुषकोड़ी को एक्सप्लोर करें।
आपको अगर फ्रेंच वाइब चाहिए, तो पुडुचेरी की गलियों में घूमें और ऑरोविले जाकर मेडिटेशन और शांति का एक्सपीरियंस लें।
अगर आपको महाकाल के दर्शन से लेकर पहाड़ों, झरनों और खूबसूरत नककाशी आदि सब कुछ देखना है, तो पूर्व, पश्चिम और मध्य भारत का यह कॉम्बिनेशन आपके लिए परफेक्ट रहेगा।
नॉर्थ-ईस्ट के लिए गुवाहाटी में प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर के दर्शन के अलावा आप चेरापूंजी की हरियाली, खूबसूरत बादलों और ऊंचे-ऊंचे झरनों का नजारा देख सकते हैं।
दार्जिलिंग में कंचनजंगा पर्वत चोटी के शानदार नजारे देखें और फिर पास में बसे कालिम्पोंग को एक्सप्लोर करें।
ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ पुरी मंदिर और काणार्क सूर्य मंदिर को एक्सप्लोर करें। इसकी खूबसूरत नक्काशी आपको बहुत पसंद आएगी।
गोवा में आप सुंदर बीचेज और मस्ती और पार्टी करने के अलावा घने जंगलों के बीच दूधसागर झरने को देख सकती हैं।
महाराष्ट्र के लोनावला में हसीन वादियों को देखकर आपके मन को सुकून महसूस होगा। फिर आप महाबलेश्वर जा सकती हैं और यहां पर स्ट्रॉबेरी के खेतों की सैर करें।
आप मुंबई और अलीबाग घूमने का प्लान कर सकती हैं। मुंबई घूमने के बाद अलीबाग जाएं और अलीबाग सुकून भरे पल बिताने के लिए फेमस है।
इसके अलावा आप नासिक और शिरडी का ट्रिप प्लान कर सकती हैं। नासिक में गोदावरी नदी के किनारों और पुराने मंदिरों के दर्शन करें। फिर शिरडी में साईं बाबा का आशीर्वाद लें।
मध्य प्रदेश की यात्रा में उज्जैन के महाकाल के दर्शन करें। उज्जैन से थोड़ी दूर पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग है। आप एक ही ट्रिप में दोनों मंदिरों के दर्शन कर सकती हैं।
अगर आप भी एक ही ट्रिप में दो जगहों को एक्सप्लोर करना चाहती हैं, तो आपको कुछ स्मार्ट ट्रिक्स फॉलो करना चाहिए।
हमेशा ऐसी दो जगह चुननी चाहिए, जिनके बीच की दूरी महज 2 से 4 घंटे की हो।
ट्रिप के दौरान ट्रेन, लोकल बस या शेयरिंग टैक्सी से ट्रेवल करें। इससे आपका बजट आधा हो सकता है।
इसके साथ ही रुकने की जगह और आने-जाने टिकट पहले से बुक कर लें। जिससे कि अधिक पैसे न खर्च करने पड़े।