By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 10, 2023
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बेंगलुरु शहरी जिले के अट्टीबेले शहर में पटाखों की एक दुकान एवं गोदाम में आग लगने की घटना के सिलसिले में मंगलवार को स्थानीय तहसीलदार, एक क्षेत्रीय पुलिस निरीक्षक और क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी को निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पटाखों की इस दुकान के मालिक को लाइसेंस जारी करने वाले उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किये गये हैं तथा उनसे इस घटना के सिलसिले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस घटना में 14 लोगों की जान चली गयी थी जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस भी गये थे। सिद्धरमैया ने कहा कि दुकानदार के पास पटाखों का गोदाम बनाने का नहीं बल्कि बस उन्हें (पटाखों को)बेचने का ही लाइसेंस था।
हरित पटाखों के इस्तेमाल पर उच्चतम न्यायालय के दिशानर्देशों का हवाला देते हुए सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘ जो उनका पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि हरित फटाखों के इस्तेमाल के सिलसिले में विस्फोटक कानून के प्रावधानों और उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों का उल्लंघन नहीं हो। उन्होंने कहा कि ये निर्देश अनिवार्य हैं क्योंकि दीपावली नजदीक है और इस त्योहार में लोगों के हाथ या दूसरे अंग जल जाते हैं, उनकी नेत्रदृष्टि चली जाती है तथा कुछ मामला में तो मौत भी हो जाती है।
उन्होंने कहा कि इसलिए पटाखा लाइसेंस पांच साल के लिए नहीं बल्कि सलाना आधार पर नवीनीकृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के आलोक में उन्होंने अधिकारियों को राजनीतिक कार्यक्रमों, जुलूस, शादियों तथा गणेश उत्सवों में पटाखों पर पाबंदी लगाने का निर्देश दिया है।राज्य सरकार इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए पहले ही पांच लाख रुपये की अनग्रह राशि तथा झुलस गये लोगों का मुफ्त इलाज की घोषणा कर चुकी है। आग की घटना की शिकार हुए दुकान एवं गोदाम में पटाखे दशहरा एवं दीपावली के लिए रखे गये थे।