By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026
ओडिशा सरकार के एक अभियंता से जुड़े सात ठिकानों पर की गई छापेमारी के बाद शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास तीन बहुमंजिला इमारतें, एक फार्महाउस, तीन कीमती भूखंड और लगभग 750 ग्राम सोना होने का खुलासा हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान बैंकों और डाकघर में लगभग 21 लाख रुपये की जमा पूंजी, दो कारें, दो मोटरसाइकिलें और घर के अन्य कीमती सामान भी मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि कटक सतर्कता प्रकोष्ठ थाने में सेठी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सेठी 1997 में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के रूप में 5,000 रुपये के शुरुआती मासिक वेतन पर ओडिशा सरकार की सेवा में शामिल हुए थे।
उन्हें 2018 में सहायक अभियंता और 2022 में सहायक अधिशासी अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि वह अक्टूबर 2023 से बडाचना उप-मंडल में सहायक अधिशासी अभियंता के रूप में कार्यरत थे।