By अंकित सिंह | Aug 26, 2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि बी नागेंद्र को उनके मंत्रिमंडल में इसलिए शामिल किया गया क्योंकि एक आधिकारिक रिपोर्ट में पाया गया कि वाल्मीकि कॉर्पोरेशन घोटाले में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार अगले कुछ दिनों में एक महिला मंत्री को मंत्रिमंडल में शामिल करेगी। कावेरी जल विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करेंगे।
कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी पर शिवकुमार ने कहा कि हमारे पास (महिला मंत्री) होंगी। निश्चित रूप से होंगी। कांग्रेस पार्टी (महिलाओं के सशक्तिकरण की) विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध है। शिवकुमार ने CM बनने के दो महीने बाद, 3 अगस्त को कैबिनेट का विस्तार किया। उन्होंने 19 मंत्रियों को शामिल किया, जबकि कांग्रेस ने 20 मंत्रियों के नामों की घोषणा की थी, जिनमें महिला MLC गायत्री शांथेगौड़ा भी शामिल थीं, लेकिन आखिरी समय में उनका नाम हटा दिया गया।
इंडिया टुडे राउंडटेबल में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एक नाम पर मंज़ूरी मिल रही थी, लेकिन आखिर में कुछ दिक्कत आ गई। CM ने कहा कि मुझे लगता है कि अगले कुछ दिनों में एक महिला मंत्री को शामिल किया जाएगा। फिलहाल, शिवकुमार सरकार में मंत्रियों के स्वीकृत 34 पदों के मुकाबले 33 मंत्री हैं। कहा जा रहा है कि एक खाली पद महिला मंत्री को शामिल करने के लिए रखा गया है।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।