By अंकित सिंह | May 13, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आज सामने आ रहे हैं। अब तक जो रुझान आए हैं उससे यह स्पष्ट होता दिखाई दे रहा है कि राज्य में भाजपा को बड़ा नुकसान हो रहा है। आज कर्नाटक चुनाव परिणाम में कांग्रेस को बढ़त मिलती हुई दिखाई दे रही है। इसी को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता और कर्नाटक के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री बोम्मई की भी प्रतिक्रिया आई है। मुख्यमंत्री बोम्मई ने साफ तौर पर कहा है कि हम पूरे नतीजे आने के बाद इस पर कोई प्रतिक्रिया देंगे। मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि पीएम और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बहुत सारे प्रयासों के बावजूद, हम अपनी पहचान नहीं बना पाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे नतीजे आने के बाद हम विस्तृत विश्लेषण करेंगे। हम इस परिणाम को लोकसभा चुनाव में वापसी के अपने प्रयास के रूप में ले रहे हैं।
वहीं, रुझानों के बाद से ही कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह है। लगातार कांग्रेस कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक कांग्रेस का पार्टी दफ्तर गुलजार है। इसी कड़ी में कांग्रेस सपा सरकार बनाने की तैयारियों में भी जुटती नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस रविवार को अपने विधायकों की बैठक कर सकती हैं। रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा भी हो सकती है। इसके अलावा सभी कांग्रेस के विधायक राजधानी बेंगलुरु में आज शाम तक पहुंच सकते हैं।