कर्नाटक सरकार SC और ST आरक्षण बढ़ोतरी रद्द करने के खिलाफ पहुंची Supreme Court

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

कर्नाटक सरकार ने उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका दायर कर उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें अनुसूचित जातियों (एससी) का आरक्षण 15 से बढ़ाकर 17 प्रतिशत और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) का आरक्षण तीन से बढ़ाकर सात प्रतिशत करने के राज्य सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, 27 अक्टूबर के सरकार के आदेश के तहत उच्चतम न्यायालय में अपील दायर करने की मंजूरी 28 अक्टूबर को दी गई थी। कांग्रेस सरकार ने एससी और एसटी के आरक्षण अधिकारों की रक्षा के लिए उठाए गए कई कदमों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पिछली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार बढ़ाए गए आरक्षण को संवैधानिक संरक्षण देने में विफल रही थी।

सरकार ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा ने 18 दिसंबर, 2025 को एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें बढ़ाए गए आरक्षण को कानूनी चुनौतियों से बचाने के लिए संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई थी। बयान में कहा गया कि फरवरी 2026 में 56,432 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दी गई थी, जबकि एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए निर्धारित छह प्रतिशत अतिरिक्त पदों को अदालत के फैसले तक बैकलॉग श्रेणी में रखा गया था, ताकि आरक्षण का अतिरिक्त हिस्सा खत्म न हो। सरकार ने यह भी कहा कि उसने अनुसूचित जातियों के भीतर आंतरिक आरक्षण लागू किया है, ताकि आरक्षण का लाभ सबसे वंचित समुदायों तक पहुंच सके।

राज्य मंत्रिमंडल ने 15 अक्टूबर, 2026 को हुई बैठक में उच्च न्यायालय के फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देने का निर्णय लिया था। फैसले के 16 दिनों के भीतर याचिका दायर कर दी गई। सरकार ने कहा कि वह नौवीं अनुसूची के जरिए आरक्षण को संवैधानिक संरक्षण देने के लिए केंद्र पर दबाव बनाना जारी रखेगी।

उसने इसे भविष्य में कानूनी चुनौतियों से बचाने का एकमात्र स्थायी उपाय बताया।

प्रमुख खबरें

Baghpat में राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने वाले दो आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम

Darbhanga में आभूषण कारोबारी से लूट, पूर्व BJP पदाधिकारी समेत पांच गिरफ्तार

Abhishek Banerjee ने घर के बाहर Kolkata Police की निगरानी का लगाया आरोप, जताई नए हमले की आशंका

Jharkhand में BJP का प्रदर्शन, कार्यकर्ता निशा भगत की मौत मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी मांगी