By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
बेंगलुरु, दो नवंबर दीपावली से पहले कर्नाटक पुलिस ने सोमवार को दिशा-निर्देश जारी करते हुए लोगों को हरित पटाखों का इस्तेमाल करने, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आतिशबाजी से बचने और केवल रात आठ बजे से 10 बजे के बीच ही पटाखे चलाने का निर्देश दिया। इस दिशा-निर्देश का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं को रोकना है। पुलिस ने कहा कि पटाखे फोड़ने के दौरान किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 या 108 पर संपर्क कर सहायता लेनी चाहिए।
माता-पिता और अभिभावकों को बच्चों के साथ रहकर उनका मार्गदर्शन करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से अत्यधिक शोर करने वाले पटाखों के इस्तेमाल से बचने की भी अपील की। उसने कहा कि तेज आवाज से बुजुर्गों, मरीजों, शिशुओं और अन्य लोगों को परेशानी हो सकती है और उन्हें नुकसान पहुंच सकता है।
पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन मंचों या अनधिकृत विक्रेताओं से पटाखे खरीदने को लेकर भी आगाह किया। पुलिस ने कहा, ‘‘यदि पटाखों की अवैध बिक्री या भंडारण का पता चलता है तो स्थानीय पुलिस को सूचित करें या 112 नंबर पर फोन करें।’’ पुलिस ने लोगों से केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से पटाखे खरीदने और यह सुनिश्चित करने के लिए पैकेट पर दिए गए क्यूआर कोड या लेबल की जांच करने को कहा कि उत्पाद असली और अधिकृत हैं।