Karnataka polls: भाजपा ने दूसरी सूची में सात विधायकों के टिकट काटे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 13, 2023

बेंगलुरु। कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 23 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी। पार्टी ने इस सूची में मदाल विरुपक्षप्पा सहित सात मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। पार्टी ने मंगलवार रात को 189 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। बुधवार को जारी की गई ताजा सूची में हुबली-धारवाड़ मध्य क्षेत्र शामिल नहीं है, जहां से पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार चुनाव लड़ना चाहते हैं। पार्टी ने शिवमोगा शहर से भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। यहां से मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री के एस ईश्वरप्पा ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है।

चन्नागिरी के विधायक मदाल विरुपक्षप्पा उन मौजूदा विधायकों में शामिल हैं जिन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। उनकी जगह पार्टी ने शिव कुमार को उम्मीदवार बनाया है। विरुपक्षप्पा को हाल ही में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था। हावेरी में मौजूदा विधायक नेहरू ओलेकर की अनदेखी की गई और उनकी जगह गविसिद्दप्पा दयामनावर को टिकट दिया गया, जबकि ब्यंदूर में मौजूदा विधायक बी सुकुमार शेट्टी की जगह पार्टी ने गुरुराज गंटीहोल को उम्मीदवार बनाया है। मुडिगेरे के मौजूदा विधायक एम पी कुमारस्वामी का भी टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह दीपक डोडैया को टिकट मिला है।

हाल ही में, इस निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग द्वारा कुमारस्वामी के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया था, जब अनुभवी नेता बी एस येदियुरप्पा ने यहां का दौरा किया था। कलघाटगी के विधायक सी एम निंबनवर (76 वर्ष) की जगह नागराज चब्बी को टिकट दिया गया है जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए हैं। मायाकोंडा में मौजूदा विधायक एन लिंगन्ना की जगह बसवराज नाइक को टिकट दिया गया है। दावणगेरे उत्तर के विधायक एस ए रवींद्रनाथ (76) को भी पार्टी ने टिकट देने से इनकार कर दिया है। उनकी जगह लोकीकेरे नागराज को टिकट मिला है।

इसे भी पढ़ें: Gandhi Vs Savarkar: ये सब रोकने की जरूरत है, वीर सावरकर के वंशज ने किया मानहानि का केस, कहा- राहुल गांधी अब बहुत हो गया

कर्नाटक में उम्मीदवारों की पहली सूची सामने आने के बाद से ही सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर असंतोष पनपता दिख रहा है, क्योंकि पार्टी ने मंगलवार को नौ वर्तमान विधायकों के टिकट काट दिए थे। इसके बाद कई नेताओं ने खुले तौर पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। बेंगलुरु सहित राज्य के कई स्थानों पर पार्टी नेताओं ने पार्टी कार्यालयों में विरोध प्रदर्शन भी किए हैं। पार्टी ने अब तक विधानसभा की कुल 224 सीटों में से 212 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 10 मई को होगा और मतगणना 13 मई को होगी।

प्रमुख खबरें

Emraan Hashmi और Himesh Reshammiya की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, इस दिन रिलीज होगी Gunmaaster G9

KVS NVS Tier 2 Result घोषित: टियर-2 परीक्षा के परिणाम और Final Answer Key जारी, ऐसे चेक करें अपना स्कोर

जल्द मम्मी-पापा बनेंगे Maera Misshra और Rajul Yadav, वीडियो शेयर कर दी खुशखबरी

चिदंबरम के बाद केजरीवाल ने भी खुद को बताया दिमागी नक्सली: जो लोग विकसित भारत चाहते हैं...