Kashi Tamil Sangamam 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से, जानिए इस बार क्या होगी थीम

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को कहा कि सांस्कृतिक और शैक्षिक आदान-प्रदान कार्यक्रम काशी तमिल संगमम (केटीएस 5.0) का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से आयोजित किया जाएगा। इसका विषय ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम’ (आइए तिरुक्कुरल सीखें) होगा। जोशी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “प्राचीन काल से लेकर आज तक भारत हमेशा एक रहा है।

सांस्कृतिक रूप से भी भारत सदैव एकजुट रहा है। दक्षिण में तमिलनाडु और उत्तर में काशी के बीच ऐतिहासिक रूप से गहरे संबंधों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने 2022 में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के मार्गदर्शक सिद्धांत के तहत इस पहल की परिकल्पना की थी।” उन्होंने कहा, “इस पहल की शुरुआत युवा पीढ़ी को इन संबंधों की याद दिलाने और भारत की सांस्कृतिक एकता को फिर से रेखांकित करने के उद्देश्य से की गई थी। अब तक इसके चार संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं और प्रत्येक का एक विशेष विषय रहा है।

पांचवें संस्करण का विषय ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम’ (आइए तिरुक्कुरल सीखें) है। तिरुवल्लुवर द्वारा रचित दो पंक्तियों के इन दोहों में गहरे संदेश समाहित हैं और इस संस्करण में इस साहित्यिक कृति के अध्ययन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।” यह कार्यक्रम 12 दिसंबर को संपन्न होगा। इसके चौथे संस्करण का विषय ‘तमिल करकलाम’ था, जिसका अर्थ है ‘आइए तमिल सीखें’।

तीसरे संस्करण में ऋषि अगस्त्य के योगदान पर ध्यान केंद्रित किया गया था, जबकि दूसरे संस्करण में भाषण का तत्काल अनुवाद करने की सुविधा थी और पहले संस्करण में आठ दिनों तक विरासत स्थलों का भ्रमण शामिल था। जोशी ने कहा, “इस बार तमिलनाडु से 1,400 प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इन्हें 200-200 सदस्यों के सात समूहों में बांटा गया है।

इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया पेशेवर, किसान और संबंधित क्षेत्रों से जुड़े लोग, पेशेवर, कलाकार, महिलाएं और आध्यात्मिक विद्वान शामिल हैं। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।” इस कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा मंत्रालय द्वारा आईआईटी मद्रास, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (सीआईसीटी), उत्तर प्रदेश सरकार और संस्कृति, रेल, स्कूली शिक्षा, पर्यटन, कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, सूचना एवं प्रसारण तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालयों के सहयोग से किया जा रहा है।

प्रमुख खबरें

HCL ITF W15 Kolkata: संदीप्ति सिंह राव ने श्रीवल्ली को हराकर किया बड़ा उलटफेर

Sheikh Hasina की वापसी से पहले Bangladesh में तनाव, सात जिलों में BGB की 108 प्लाटून तैनात

Pakistani Netflix Series पर भारत में रोक की मांग का अहसान इकबाल ने किया विरोध

ओडिशा में ऑनलाइन निवेश ठगी: 29.54 लाख रुपये हड़पने वाले तीन आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार