By अनन्या मिश्रा | Nov 13, 2026
उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में देश का सातवां ज्योतिर्लिंग 'काशी विश्वनाथ' मंदिर बसा है। जोकि भारत की सबसे पवित्र नदी गंगा के पश्चिमी तट पर स्थित है। काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव का ज्योतिर्लिंग विश्वनाथ या विश्वेश्वर स्थापित है। काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए न सिर्फ देश बल्कि दुनियाभर से लोग आते हैं। इस ज्योतिर्लिंग के बारे में कहा जाता है कि यहां पर भगवान विश्वनाथ के दर्शन करने मात्र से जातक की आत्मा शुद्ध हो जाती है, जोकि जीवन में भक्ति और ज्ञान के मार्ग को बेहतर करती है।
हिंदू परंपराओं के अनुसार, भारत के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद अन्य ज्योतिर्लिंगों के दर्शन से जो पुण्य फल प्राप्त होता है, उतना सिर्फ काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन से भक्तों को पुण्य फल प्राप्त होता है।
इसे भी पढ़ें: Chhath Puja पर होती है Shashthi Devi की आराधना, संतान रक्षा और खुशहाली का मिलता है आशीष
काशी विश्वनाथ मंदिर में रामकृष्ण परमहंस, आदि शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, गोस्वामी तुलसीदास, महर्षि दयानंद सरस्वती, गुरुनानक और कई आध्यात्मिक व्यक्तित्वों ने दर्शन किए हैं। इस मंदिर के दो गुंबदों को सोने से मढ़वाया गया है। जिसके लिए पंजाब के केसरी महाराज रणजीत सिंह ने साल 1939 में दान किया था।
काशी 7 पुराने नगरों में शामिल हैं। इन नगरों में मथुरा, अयोध्या, काशी, हरिद्वार, कांची, अवंतिका और द्वारिका शामिल हैं। महाभारत में भी काशी का उल्लेख मिलता है। 11वीं से 15वीं सदी के बीच देशभर के अन्य दूसरे मंदिरों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
बाबा विश्वनाथ मंदिर का इतिहास हजार साल से भी ज्यादा पुराना है। बताया जाता है कि मुगल बादशाह अकबर के बाद टोडरमल ने इस मंदिर का पुनर्निर्माण कराया था। फिर मुगल शासक औरंगजेब ने विश्वनाथ मंदिर को ध्वस्त कर दिया था। जिसके कुछ दशकों के बारे इंदौर की रानी अहिल्या बाई द्वारा इस मंदिर का फिर से जीर्णोद्धार किया गया था।
बता दें कि काशी ज्योतिर्लिंग के दो हिस्से हैं। दाहिने हिस्से में देवी शक्ति विराजती हैं और बाएं हिस्से में भगवान शिव विराजमान हैं। इस वजह से एक ही ज्योतिर्लिंग में भगवान शिव और शक्ति दोनों के ही दर्शन हो जाते हैं।
इसके नगरी के बारे में कहा जाता है, जिन भी लोगों की मृत्यु काशी में होती है। उनको मोक्ष की प्राप्ति होती है और उनको दोबारा जन्म नहीं लेना पड़ता है।
काशी विश्वनाथ मंदिर के बारे में कहा जाता है कि स्वयं भगवान शिव इस नगरी की रक्षा करते हैं। माना जाता है कि जब कलियुग के अंत समय में प्रलय आएगा, तो सिर्फ एकमात्र काशी विश्वनाथ ही सुरक्षित रहेगा। मंदिर में स्थित विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने मात्र से भक्तों को अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
18 पुराणों में से एक स्कंद पुराण में काशी के 18 नामों के जिक्र का वर्णन मिलता है। जिनके नाम इस तरह हैं- वाराणसी, काशी, आनंदकानन, महाश्मशान, रुद्रावास, अविमुक्त क्षेत्र, काशिका, तपस्थली, मुक्तिभूमि, शिवपुरी, त्रिपुरारि राज नगरी और विश्वनाथ नगरी।