By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 13, 2026
माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और टीम्स समेत कई सेवाओं में लगातार दूसरे दिन भी व्यवधान बना रहा, जिससे भारत सहित दुनियाभर के उपयोगकर्ताओं को परेशानी हुई। कंपनी ने कहा है कि वह समस्या के कारणों का पता लगा रही है और फिलहाल उसे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की जानकारी नहीं है। भारतीय समयानुसार शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजकर 16 मिनट पर दी गई अद्यतन जानकारी के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के सेवा स्थिति पृष्ठ पर माइक्रोसॉफ्ट 365 के व्यावसायिक और उद्यम ग्राहकों के साथ-साथ उपभोक्ता उत्पादों के लिए भी ‘‘सेवा में गिरावट’’ लिखा दिखा।
कंपनी ने कहा कि वह अचानक बढ़े ‘ट्रैफिक’ के मूल कारण का पता लगाने और अपने बैकएंड सर्वर को फिर से चालू करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। कंपनी ने कहा, ‘‘फिलहाल हमें इस घटना के पीछे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की जानकारी नहीं है।’’ उसने कहा कि समस्या दूर होने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी मूल कारण से जुड़ी रिपोर्ट में साझा की जाएगी। भारत में विमानन कंपनी इंडिगो ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवा में व्यवधान के कारण उसकी ईमेल सहायता सेवाएं प्रभावित हुई हैं और वह ग्राहकों के ईमेल प्राप्त नहीं कर पाएगी।
विमानन कंपनी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सहायता के अन्य सभी माध्यम उपलब्ध हैं। उसने तत्काल मदद की जरूरत वाले ग्राहकों से अपनी वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिये 6ई स्काई से संपर्क करने को कहा। माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाओं की वे सुविधाएं प्रभावित हुई हैं, जो एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल के साथ काम करती हैं जबकि उन पर निर्भर नहीं रहने वाली सुविधाएं काम कर रही हैं।
सेवाओं में आयी बाधा पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ के अनुसार, भारत में उपयोगकर्ताओं ने बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे से समस्याओं की शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दी थीं। वेबसाइट पर व्यवधान की शिकायतों की संख्या रात के दौरान कम हुई, लेकिन शुक्रवार सुबह छह बजे के बाद इनमें फिर तेजी से बढ़ोतरी हुई। कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उसके सिस्टम पर दबाव ‘ट्रैफिक’ बढ़ने के कारण नहीं, बल्कि ‘‘कई सर्वर के अप्रत्याशित रूप से अनुपलब्ध हो जाने’’ की वजह से पड़ा।