By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 28, 2026
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार संभालने के एक दिन बाद सुजीत कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवाद-रोधी अभियान पुलिस बल की शीर्ष प्राथमिकता बने रहेंगे। आतंकवादी संगठनों को साजो-सामान, शरण और गोपनीय जानकारी देकर मदद करने वाले मददगारों की गिरफ्तारी तथा भारी मात्रा में बरामदगी के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने हजरतबल में पत्रकारों से कहा, ‘‘अभियान पहले भी हमारी शीर्ष प्राथमिकता थे और अब भी हमारी शीर्ष प्राथमिकता बने रहेंगे।’’ कश्मीर घाटी के नये पुलिस प्रमुख ईद मिलाद-उन-नबी के बाद पड़ने वाले जुमे (शुक्रवार) के अवसर पर सुरक्षा बलों और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की समीक्षा करने के लिए प्रसिद्ध हजरतबल दरगाह पहुंचे थे। आईजीपी सुजीत कुमार ने कहा, ‘‘मैंने बृहस्पतिवार को पदभार ग्रहण किया था और शुक्रवार को हम अपनी पुलिस टीम की तैनाती का निरीक्षण करने तथा अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए यहां आए हैं।