By नीरज कुमार दुबे | Apr 21, 2022
सुलह मोर्चा के अध्यक्ष और कश्मीरी पंडितों की घाटी में वापसी का अभियान चलाने वाले डॉ. संदीप मावा ने कश्मीरी पंडितों, कश्मीरी सिखों और कश्मीरी मुस्लिमों की हत्याओं की जांच के लिए एक निष्पक्ष जांच आयोग के गठन के लिये श्रीनगर में आमरण अनशन शुरू किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 24 अप्रैल तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेंगे। डॉ. संदीप मावा ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि आतंकवादी और कश्मीरी पंडितों के हत्यारे बिट्टा कराटे को फांसी दी जाये। हम आपको बता दें कि डॉ. संदीप मावा ने पिछले महीने भी एक दिन के सांकेतिक धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वह आत्मदाह कर लेंगे।
श्रीनगर में प्रेस कॉलोनी में भूख हड़ताल पर बैठे डॉ. संदीप मावा ने कहा है कि मैं प्रधानमंत्री और उपराज्यपाल से मेरी मांगों को पूरा करने की अपील करता हूं क्योंकि यह नया कश्मीर है। हम आपको बता दें कि डॉ. संदीप मावा की यह भूख हड़ताल ऐसे समय पर हो रही है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर आने वाले हैं। डॉ. संदीप मावा ने इस संदर्भ में कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री उनकी मांगों पर ध्यान देंगे और जांच आयोग का गठन करेंगे ताकि जम्मू कश्मीर के लोगों को इंसाफ मिले। डॉ. संदीप मावा ने चेतावनी दी है कि अगर प्रधानमंत्री के जम्मू-कश्मीर में आगमन तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेंगे।