By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026
असम के काजीरंगा में मिनीबस और ट्रक की टक्कर में घायल हुए कुल 16 लोगों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से तीन को जीवनरक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है। चिकित्सकों ने रविवार को यह जानकारी दी। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के नजदीक 13 नवंबर को मिनीबस और ट्रक की आमने-सामने की हुई टक्कर में महिलाओं और नाबालिगों सहित कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि शुरुआत में घायलों का इलाज काजीरंगा, बोकाखाट, गोलाघाट और जोरहाट के अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा था, लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए उन सभी को जोरहाट चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएमसीएच) में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एक मरीज को डिब्रूगढ़ स्थित असम चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर किया गया है। जेएमसीएच के मुख्य अधीक्षक सौरभ बोरकोटोकी ने कहा, ‘‘फिलहाल हमारे अस्पताल में 16 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
इनमें से तीन मरीज जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं।’’ उन्होंने बताया कि जीवनरक्षक प्रणाली पर रखे गए तीन मरीजों के अलावा पांच अन्य मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जबकि आठ मरीज सामान्य वार्ड में उपचाररत हैं तथा उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को नौ-नौ लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जिसमें केंद्र की ओर से दिए जाने वाले दो लाख रुपये भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि गोलाघाट के शहीद कुशल कुंवर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किए गए।
यह दुर्घटना काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कोहोरा रेंज में, हाथीकुली चाय बागान के पास रंगाजान में, राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई।