By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
(तस्वीरों के साथ) नयी दिल्ली,10 नवंबर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के मंगलवार को जारी किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता के सी त्यागी ने कहा कि संजय गांधी को आपातकाल के लिए जिम्मेदार ठहराने और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को इससे अलग रखने से परिवार के पुराने विवाद एक बार फिर सामने आ गए हैं। त्यागी ने कहा कि आपातकाल के दौरान यह चर्चा थी कि संजय गांधी, ओम मेहता, सिद्धार्थ शंकर राय और बंसीलाल किसी भी तरह का समझौता करने के पक्ष में नहीं थे और टकराव चाहते थे। उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मैंने भी इनमें से कुछ घटनाओं के बारे में पढ़ा और सुना है।
आपातकाल के समय भी यह चर्चा थी कि संजय गांधी, ओम मेहता, सिद्धार्थ शंकर राय और बंसीलाल चार ऐसे लोग थे, जो किसी भी तरह का समझौता करने के पक्ष में नहीं थे।’’ त्यागी ने कहा, ‘‘वे टकराव चाहते थे और उन्हीं के कारण, उनके जोर देने और उनकी सलाह पर आपातकाल लगाया गया था।’’ संजय गांधी इंदिरा गांधी के छोटे बेटे थे। ओम मेहता उस समय गृह राज्य मंत्री थे, जबकि सिद्धार्थ शंकर राय पश्चिम बंगाल और बंसीलाल हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री थे। त्यागी ने कहा, ‘‘जब सोनिया गांधी आपातकाल के लिए इंदिरा गांधी के बजाय संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराती हैं, तो परिवार के पुराने विवाद एक बार फिर सामने आ जाते हैं।’’ सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में 1975 में देश में लगाए गए आपातकाल पर भी अपनी राय रखी और इसे एक गलती बताया।
कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष ने कहा कि उनका मानना है कि उनकी सास इंदिरा गांधी को भी बाद में ऐसा ही महसूस हुआ था। सोनिया गांधी के संस्मरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में की गई टिप्पणियों पर त्यागी ने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति की खूबियों और कमियों को परखने का पैमाना चुनाव होता है। उन्होंने कहा, ‘‘श्रीमती (इंदिरा) गांधी कई मौकों पर अलोकप्रिय थीं, फिर भी उन्होंने चुनाव जीते, यहां तक कि आपातकाल लगाने के बाद भी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को व्यापक जनसमर्थन हासिल है।’’ राहुल गांधी की ओर से मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी पर की गई प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर त्यागी ने कहा कि सैनिकों, सेना और अर्धसैनिक बलों को राजनीतिक विवादों में नहीं घसीटना चाहिए। ये टिप्पणियां छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करनपुर स्थित एक शिविर में सीआरपीएफ कर्मियों के साथ दिवाली मनाने के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच आईं। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि कार्यक्रम में मौजूद सीआरपीएफ कर्मी उनकी टिप्पणी से सहमत नहीं थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दावे पर कि मतदाता सूचियों से एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, त्यागी ने कहा कि राज्य में चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री का बयान काफी महत्वपूर्ण है और उन्हें इस मामले को आगे बढ़ाते हुए आगे की कार्रवाई करनी चाहिए।’’