By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2020
नयी दिल्ली। दिल्ली में घरों में रहने के निर्देश की कई लोगों द्वारा अनदेखी किये जाने और निषेधाज्ञा के बावजूद पहले दिन अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और अन्य स्थानों पर भारी भीड़ होने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चेतावनी दी कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर की सीमाओं पर यातायात रेंगती नजर आयी। पुलिस मुस्तैदी से जांच कर रही थी और लोगों को अपने-अपने घरों को लौटने की सलाह दे रही थी। डॉक्टर, अस्पताल जा रहे मरीज, मीडिया कर्मी और जरूरी सेवाओं में शामिल लोगों को ही जाने की इजाजत दी गयी। पुलिस ने माना कि शहर में आज निषेधाज्ञा के क्रियान्यवन में कमी रही और उसने सभी सीमा चौकियों को सील कर दिया। उसने कहा कि जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही कर्फ्यू पास दिया जाएगा लेकिन मीडियाकर्मियों को पास की जरूरत नहीं होगी, उनके लिए पहचान पात्र ही काफी होगा। रविवार को पुलिस ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर शहर में 31 मार्च तक के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी थी।
इसे भी पढ़ें: भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 508 हुए, अब तक 10 लोगों की मौत
इसे भी देखें : Delhi में भी Curfew के आसार, देश में Plane, Train, Metro, Bus सब बंद, अब तक 10 मरे