केजरीवाल कास्त्रो, ग्वेरा की तरह नहीं हैं जैसा पहले लोगों ने समझ लिया था: जावड़ेकर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2019

नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर प्रहार करते हुए कहा कि 2015 में लोग उन्हें फिदेल कास्त्रो और चे ग्वेरा जैसा महान क्रांतिकारी समझते थे लेकिन अब उनका पर्दाफाश हो गया है।भाजपा के दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी जावड़ेकर ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में अपने दम पर अगली सरकार बनाएगी। जावड़ेकर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘2015 में लोग उन्हें (केजरीवाल) फिदेल कास्त्रो और चे ग्वेरा की तरह महान क्रांतिकारी समझते थे। लेकिन अब वे उनके झूठों से ऊब गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि केजरीवाल का ‘‘वास्तविक चेहरा’’ सबके सामने आ गया है और लोगों को समझ में आ गया है कि जैसा वे समझते थे वास्तव में वैसे नहीं हैं। जावड़ेकर ने कहा, ‘‘वह जो कहते हैं, वो नहीं करते हैं। वह साढ़े चार वर्ष सोते रहे और अब छह महीने के लिए जग गए हैं। पहले वह शिकायत करते थे कि मोदी जी काम नहीं करने देते, अब वह कैसे काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि केजरीवाल का ‘‘झूठ का साम्राज्य’’ खत्म हो जाएगा और दिल्ली में विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा सत्ता में आएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार के कार्यक्रमों के कारण भाजपा दिल्ली की सत्ता में आएगी।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा के सरकार बनाने से दिल्ली में ‘‘तीन इंजनों’’ की ताकत से विकास होगा क्योंकि केंद्र में और महानगर के तीनों नगर निगम में भाजपा की सरकार है।

प्रमुख खबरें

T20I में 50 छक्के जड़कर Ishan Kishan बने तीसरे खिलाड़ी, Suryakumar Yadav की सूची में एंट्री

Delhi में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, Metro स्टेशन बंद होने पर Supreme Court ने जताई चिंता

Sanju Samson के 82 रन से भारत ने West Indies के खिलाफ बनाया 249 रन का रिकॉर्ड स्कोर

Shanghai Masters से Novak Djokovic बाहर, Ben Shelton और Hubert Hurkacz जीते