केजरीवाल ने एक दिन में 5 लाख पौधे लगाने के अभियान का किया आगाज

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 08, 2018

नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उस्मानपुर गांव में यमुना नदी के पास वाले क्षेत्र में एक पौधा लगाकर पौधारोपण अभियान का आगाज किया। इस अभियान में उनके साथ हजारों लोग शामिल हुए। सरकार इस अभियान के तहत शहर में एक दिन में पांच लाख पौधे लगाना चाहती है। अधिकारियों ने बताया कि वायु प्रदूषण से मुकाबले के लिए समूचे शहर में 600 स्थानों पर चलाए जा रहे अभियान में एक लाख छात्र और नागरिक हिस्सा ले रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि अध्ययन से पता चला है कि दिल्ली में 70 प्रतिशत प्रदूषण इसकी सीमा से बाहर पैदा होता है लेकिन स्थिति से निपटने के लिए इसका बहाना नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि व्यापक स्तर पर पौधारोपण के अलावा हमें प्रदूषण घटाने के लिए उपाय करने की भी जरूरत है। उस्मानपुर के गढी मांडू में यमुना नदी के पास वाले क्षेत्र में पौधारोपण के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित हुए।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को अपने घरों के नजदीक पौधा लगाने और इसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि आयोजन स्थल पर करीब 32,000 पौधों को लगाया गया। दिल्ली सरकार के पर्यावरण और वन सचिव ए के सिंह ने कहा कि मौजूदा वर्ष में 32.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। अब तक करीब 15 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन और राजेंद्र पाल गौतम, आप के विधायक और पार्टी के नेता दिलीप पांडे भी पौधारोपण कार्यक्रम में उपस्थित हुए। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने अपने घर पर एक पौधा लगाया।

प्रमुख खबरें

Jio, Airtel, Vodafone Idea 96,317 करोड़ रुपये की स्पेक्ट्रम नीलामी में भाग लेंगी

Justice SK Mishra बने GST अपीलीय न्यायाधिकरण के पहले अध्यक्ष, वित्त मंत्री ने दिलाई शपथ

Madhya Pradesh में कांग्रेस ने की जोरदार वापसी, भाजपा को भी क्लीन स्वीप की आस

Travel Tips: पार्टनर के साथ बना रहे पेरिस घूमने का प्लान तो ऐसे प्लान करें ट्रिप, कम खर्चे में कर सकेंगे ढेर सारी मस्ती