केजरीवाल ने गुजरात भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, भाजपा नहीं छोड़ें, वहीं रहकर आप के लिए काम करें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 03, 2022

राजकोट। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से सत्तारूढ़ दल में ही रहते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के लिए काम करने की अपील की। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने गुजरात के अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शनिवार को राजकोट में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

इसे भी पढ़ें: दूसरी पार्टी को तोड़ना गलत, MLAs की टूट पर बोले नीतीश- वे लोकतांत्रिक मूल्यों की धज्जियां उड़ा रहे

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और उनके परिवार के सदस्यों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और मुफ्त बिजली जैसीसुविधाओं की पेशकश नहीं की, लेकिन आम आदमी पार्टी उनके कल्याण की परवाह करेगी। केजरीवाल ने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता अपनी पार्टी में ही रह सकते हैं लेकिन वे आम आदमी पार्टी के लिए काम कर सकते हैं। उनमें से कई लोगों को भाजपा की ओर से पैसे दिये जाते हैं, इसलिए वहां से पैसें लें लेकिन हमारे लिए काम करें, क्योंकि हमारे पास पैसा नहीं है।’’

आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा, ‘‘जब हम गुजरात में सरकार बनाएंगे, हम मुफ्त बिजली देंगे और यह भाजपा कार्यकर्ताओं को भी मिलेगी। हम आपको 24 घंटे मुफ्त बिजली देंगे और आपके बच्चों के लिए अच्छे स्कूल बनाएंगे जहां उन्हें मुफ्त शिक्षा मिलेगी। हम आपके परिवार के सदस्यों के लिए मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करेंगे और आपके परिवार में महिलाओं को भत्ते के रूप में 1,000 रुपये प्रति माह भी देंगे। केजरीवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि 27 वर्षों के शासन के बावजूद भाजपा में बने रहने का कोई अर्थ नहीं है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि वहां रहें लेकिन आप के लिए काम करें। आप लोग बुद्धिमान हैं, भीतर से आम आदमी पार्टी के लिए काम करें। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के महासचिव मनोज सोरथिया पर हाल में हुए हमले का मुद्दा उठाया और आशंका जताई कि आप का समर्थन करने के लिए गुजरात के लोगों पर कई और हमले होंगे। उन्होंने कहा, मनोज सोरथिया पर हुए हमले से पता चलता है कि भाजपा हताश है। यह समझ में नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए। वे हार देख रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस नहीं है और उसे सत्ताधारी पार्टी द्वारा डराया नहीं जा सकता।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने हमीरपुर में स्कूल सड़क के लिए Forest NOC देने का आदेश दिया

Raipur Police के खिलाफ ईसाई संगठन का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की मांग

JPNIC Lucknow के संचालन और रखरखाव को UP Cabinet की मंजूरी, 30 साल की लीज पर दिया

Kurukshetra Murder: महिला ने तीन चाकुओं से की पति की हत्या, जांच जारी