केरल उपचुनाव : पलक्कड़ में तनाव, पुलिस ने काले धन के संदेह में होटल की तलाशी ली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 06, 2024

केरल के पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए काला धन लाए जाने के संदेह में पुलिस ने एक होटल में तलाशी ली, जिसके कारण बुधवार सुबह क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस समर्थक होटल परिसर में एकत्र हुए। पुलिस ने बताया कि होटल के 12 कमरों की तलाशी ली गई, जिनमें सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के कमरे भी शामिल थे। एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘यह एक नियमित तलाशी थी। कमरों में कुछ भी नहीं मिला।’’

पुलिस ने बताया कि 20 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के दौरान गड़बड़ी रोकने के लिए इलाके के होटलों और लॉज में तलाशी ली जा रही है। कांग्रेस सांसद वी. के. श्रीकंदन एवं शफी परमबिल ने आरोप लगाया कि तलाशी में उनके पार्टी नेताओं को निशाना बनाया गया।

उन्होंने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को जिला पुलिस प्रमुख के कार्यालय तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे।

भारत निर्वाचन आयोग ने कलपथी रथोत्सवम उत्सव का हवाला देते हुए पलक्कड़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख बदलकर 20 नवंबर कर दी है। पहले 13 नवंबर को मतदान निर्धारित था।

इस वर्ष की शुरुआत में हुए संसदीय चुनावों में वडकारा निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक और कांग्रेस नेता शफी परमबिल के लोकसभा में निर्वाचित होने के कारण इस सीट के लिए उपचुनाव आवश्यक हो गया था।

प्रमुख खबरें

Assam में बाढ़ प्रभावित शिवसागर और चराइदेव के लोगों का एक साल का भूमि कर माफ

Kerala: मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन पर सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल को लेकर उठे सवाल

Ganeev Kaur ने अकाल तख्त को लिखा पत्र, विधानसभा सत्र में शामिल होने पर मांगा निर्देश

Hamirpur में बीमा के 44 लाख रुपये के लिए पत्नी की हत्या, पति समेत चार गिरफ्तार