By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 04, 2026
पत्तनमथिट्ठा (केरल), चार अगस्त केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने मंगलवार को जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण जिन घरों में पानी भर गया है, उनके लिए 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार अचानक बदलने वाले मौसम की सटीक जानकारी देने और आपदाओं से निपटने की क्षमता को मजबूत करने के लिए एक नया तंत्र (आपदा प्रबंधन प्रणाली) स्थापित करने पर विचार कर रही है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, बारिश के कारण जिन लोगों के घरों में पानी भर गया है, उन्हें सरकार वित्तीय सहायता के रूप में 10,000 रुपये प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रभावी मौसम पूर्वानुमान और पूर्व चेतावनी प्रणाली को प्रायोगिक तौर पर सबसे पहले पत्तनमथिट्ठा जिले में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बादल फटने या अत्यधिक भारी बारिश की घटनाएं बिना किसी पूर्व चेतावनी के हो जाती हैं, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बहुत कम समय मिल पाता है। उन्होंने बताया कि बहुत कम समय में अत्यधिक भारी बारिश हो रही है।
आमतौर पर 200 मिमी से अधिक बारिश को अत्यधिक भारी बारिश माना जाता है, लेकिन इस बार कुछ स्थानों पर 340 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। सतीशन ने कहा कि कई स्थानों पर बाढ़ का एक मुख्य कारण भूस्खलन और जंगलों के भीतर मिट्टी का धंसना है। उन्होंने पुष्टि की कि भारी बारिश के बाद से सात लोग अब भी लापता हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित आपदा प्रबंधन प्रणाली, जो देश में सबसे प्रभावी होगी, जंगलों के भीतर भूस्खलन सहित सभी पहलुओं की जांच के बाद शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बाढ़ का मुख्य कारण नदियों के तल में गाद का जमा होना बताया और आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद से नदियों से गाद निकालने का काम नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ से नदियों में और मलबा जमा होगा, जिससे उनकी जल-धारण क्षमता कम हो जाएगी और सामान्य बारिश में भी जलजमाव होगा।
सतीशन ने कहा कि सरकार अगली बाढ़ का इंतजार नहीं करेगी और पत्तनमथिट्ठा जिले के तिरुवल्ला, रन्नी और आरणमुला जैसे गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए पूरे राज्य में नदियों से गाद निकालने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे।