By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 24, 2020
तिरुवनंतपुरम। केरल में माकपा नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने बृहस्पतिवार को 10,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। ये वैसी परियोजनाएं हैं, जिनका काम या तो अगले 100 दिन में पूरा हो जाएगा या शुरू होगा। सरकार ने कल्याणकारी पेंशन को बढ़ाया है तथा राशन कार्डधारियों के बीच मुफ्त में खाद्य सामग्री वितरण को भी चार और महीने के लिए बढ़ा दिया है। केरल में अगले साल अप्रैल-मई महीने में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने घोषणाएं करते हुए कहा कि वाम सरकार चुनावी घोषणापत्र में शामिल 600 वादों में से 570 को ‘सफलातपूर्वक पूरा’ कर सकती है और इसके अलावा वह 100 और परियोजनाओं को पूरा सकती है जो कि चुनावी वादे का हिस्सा भी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि नौ नई औद्योगिक इकाईयों का उद्घाटन जनवरी होगा, जिसमें पलक्कड़ का डिफेंस पार्क शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनवरी, 2021 से कल्याण पेंशन में नए साल के उपहार के तौर पर 100 रुपये की वृद्धि करके इसे 1,500 रुपये किया जाएगा। वहीं सभी राशन कार्ड धारियों को मुफ्त में राशन किट अगले चार महीने तक मुहैया कराया जाएगा। इससे 80 लाख से ज्यादा परिवारों को फायदा पहुंचेगा।