By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 08, 2026
तिरुवनंतपुरम, आठ सितंबर केरलम के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को कहा कि कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी बेटी टी वीणा और दामाद पी ए मोहम्मद रियास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अनुरोध वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पत्र पर सरकार कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य है। चेन्निथला ने कहा कि राज्य के पुलिस प्रमुख रवाडा ए चंद्रशेखर को मिले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पत्र को पड़ताल के लिए गृह सचिव के पास भेज दिया गया है और उनकी सिफारिश मिलने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि गृह सचिव की सिफारिश के आधार पर और मुख्यमंत्री वी डी सतीशन से विचार-विमर्श करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यदि कानूनी सलाह लेने की जरूरत होगी तो वह ली जाएगी।’’ इससे पहले दिन में चेन्निथला ने कहा था कि उन्होंने डीजीपी से बात की है और पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें यह पत्र करीब 10 मिनट पहले ही मिला है। चेन्निथला ने कहा, ‘‘डीजीपी पत्र पर गौर करेंगे, जिसके बाद यह तय किया जाएगा कि कानून के अनुसार क्या कार्रवाई की जानी चाहिए। अगर डीजीपी को कोई पत्र मिलता है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करेंगे।
कृपया इसके लिए इंतजार करें।’’ सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66(2) के तहत यह पत्र भेजा है और इसमें उक्त मामले में की गई उसकी जांच के दौरान सामने आए निष्कर्षों का हवाला दिया गया है। धन शोधन रोधी कानून की यह धारा ईडी को अपनी आपराधिक जांच के निष्कर्ष किसी कानून प्रवर्तन एजेंसी के साथ साझा करने का अधिकार देती है, ताकि उसके आधार पर नयी प्राथमिकी या शिकायत दर्ज की जा सके। ऐसी पुलिस प्राथमिकी के आधार पर ईडी पीएमएलए का एक मामला दर्ज कर सकती है।
सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पीएमएलए के तहत इस मामले में जांच और छापेमारी के दौरान मिले ‘‘साक्ष्यों’’ के आधार पर विजयन, उनकी बेटी वीणा, रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केरलम के डीजीपी से पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। ईडी का आरोप है कि केरलम की खनन कंपनी ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) ने वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को ‘आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं’ के नाम पर कथित तौर पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था। केंद्रीय एजेंसी ने जून में वीणा के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
उस समय वह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में किराये के मकान में विजयन के साथ रह रही थीं। इसके बाद ईडी ने उनसे पूछताछ भी की थी। चंद्रशेखर ने कहा कि संघीय एजेंसी से एक विस्तृत पत्र मिला है, जिसमें कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में विजयन, वीणा और रियास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि यहां पुलिस मुख्यालय में प्राप्त 25 पन्नों के पत्र का विश्लेषण किया जाएगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्र के कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जानी है। राज्य के पुलिस प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा, “पत्र का विश्लेषण करने और मामले के कानूनी पहलुओं की जांच करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए केपीसीसी अध्यक्ष और बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने कहा कि उनकी समझ के अनुसार, ईडी के पत्र में कथित तौर पर अवैध लेनदेन में शामिल करोड़ों रुपये के बारे में विवरण दिया गया है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
जोसेफ ने कहा कि जब वीणा के खिलाफ आरोप लगाए गए थे, तब उन्होंने न तो उन्हें खारिज किया था और न ही कानूनी रूप से उनका सामना करने की तैयारी दिखाई थी। उन्होंने कहा, “यह साबित मामला है और इसमें स्वीकार किए गए तथ्य मौजूद हैं। स्वीकार किए गए तथ्यों को साबित करने की जरूरत नहीं होती।” उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेतृत्व से घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देने और आरोपों का सामना कर रहे लोगों के कृत्यों को सही ठहराने की कोशिश करने के बजाय तथ्यों को स्वीकार करते हुए जांच में सहयोग करने का आग्रह किया।