Kerala High Court ने दुष्कर्म पीड़िता को दी मेडिकल जोखिम के बाद भी गर्भपात की मंजूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

केरल उच्च न्यायालय ने 27 माह से अधिक की गर्भवती एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता को चिकित्सीय रूप से गर्भपात कराने की अनुमति दे दी क्योंकि पीड़िता चिकित्सकों के सुझाव के अनुसार 32 सप्ताह तक गर्भावस्था जारी रखने के लिए तैयार नहीं थी। हालांकि मेडिकल बोर्ड ने आशंका जताई कि इस प्रक्रिया में उसकी मृत्यु भी हो सकती है। न्यायमूर्ति हरिशंकर वी. मेनन ने कहा कि चूंकि पीड़िता नाबालिग है और पढ़ाई कर रही है, इसलिए ‘‘उसकी इच्छा को भी सर्वोच्च सम्मान दिया जाना आवश्यक है।’’ अदालत ने कहा, ‘‘इसलिए, तथ्यों और कानूनी स्थिति पर विचार करने के बाद मेरी राय है कि याचिकाकर्ता की प्रार्थना तत्काल स्वीकार की जानी चाहिए।’’ अदालत के आदेश पर गठित मेडिकल बोर्ड ने पीड़िता की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपी थी जिसमें कहा गया था कि गर्भावस्था के इस चरण में चिकित्सीय रूप से गर्भपात कराने से अत्यधिक रक्तस्राव, गर्भनाल के अवशेष गर्भाशय में रह जाने, गर्भाशय फटने, गर्भ की झिल्ली समय से पहले फटने और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।

इसके अलावा, एनेस्थीसिया से जुड़े जोखिम, हृदय गति रुकने और यहां तक कि पीड़िता की मृत्यु होने की आशंका भी जताई गई थी। मेडिकल बोर्ड ने यह भी कहा था कि इस प्रक्रिया का पीड़िता की भविष्य में गर्भधारण करने की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पीड़िता के गर्भावस्था जारी रखने की इच्छुक नहीं होने के मद्देनजर अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि उसकी सहमति से संबंधित शपथपत्र लेने के बाद बिना किसी देरी के गर्भपात के लिए कदम उठाए जाएं।

अदालत ने कहा, ‘‘यदि गर्भपात की प्रक्रिया के बाद शिशु जीवित रहता है, तो राज्य सरकार उचित व्यवस्था करने के साथ ही उसे देखभाल उपलब्ध कराएगी।’’ अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पीड़िता शिशु को अपने पास नहीं रखना चाहती है, तो उसे बिना किसी शर्त के बाल देखभाल संस्थान या विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी को सौंपा जा सकता है, ताकि उसे गोद देने की प्रक्रिया में शामिल किया जा सके। अदालत ने कहा कि यदि शिशु जीवित नहीं रहता है, तो अस्पताल डीएनए, फिंगरप्रिंटिंग और अन्य आवश्यक पहचान संबंधी परीक्षणों के लिए भ्रूण के ऊतकों तथा रक्त के नमूनों को सुरक्षित रखेगा क्योंकि इस मामले में प्राथमिकी पहले ही दर्ज की जा चुकी है।

प्रमुख खबरें

N Chandrasekaran के तीसरे कार्यकाल के खिलाफ Bombay High Court जाएगा Tata Trust

पासपोर्ट विवरण में गड़बड़ी के चलते सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में रखा पक्ष

सलाह मिलने का सवाल ही नहीं, Suvendu Adhikari के BJP वाले दावे पर बोले प्रणब मुखर्जी के बेटे Abhijit Mukherjee

Amit Shah ने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और Ramayana की टीम से की मुलाकात: महाकाव्य के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर हुई खास चर्चा