केरल लक्जरी कार तस्करी मामला: ईडी ने अभिनेता दुलकर सलमान, पृथ्वीराज, अन्य के परिसरों पर छापेमारी की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 09, 2025

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भूटान से भारत में लक्जरी वाहनों की कथित तस्करी से संबंधित सीमा शुल्क मामले की जांच के तहत बुधवार को तमिलनाडु और केरल में अभिनेताओं- पृथ्वीराज सुकुमारन, दुलकर सलमान, अमित चक्कलकल तथा कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों परछापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ईडी ने तलाशी के दौरान जाने माने अभिनेता ममूटी के बेटे सलमान (42) से भी उनके घर पर पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।

ईडी ने इस दौरान केरल में एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझिकोड, मलप्पुरम, कोट्टायम और तमिलनाडु में कोयंबटूर के कुछ वाहन मालिकों, ऑटो वर्कशॉप और व्यापारियों के परिसरों पर भी छापे मारे।

सूत्रों ने बताया कि कुल 17 परिसरों पर छापेमारी की गई जिनमें से एक परिसर चेन्नई में है, जो दुलकर सलमान के पिता ममूटी से जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार, ममूटी से जुड़े परिसर की तलाशी उनके बेटे के खिलाफ कार्रवाई के सिलसिले में की गई। यह कार्रवाई सीमा शुल्क विभाग द्वारा हाल में उजागर किए गए एक मामले में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही है। यह मामला महंगे लक्जरी वाहनों की कथित तस्करी और अनधिकृत विदेशी मुद्रा लेनदेन से संबंधित है।

सूत्रों ने बताया कि ईडी आरोपों की जांच के लिए जल्द ही धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज करेगा। उन्होंने बताया कि यह छापेमारी इन सूचनाओं पर आधारित है कि एक गिरोह भारत-भूटान और भारत-नेपाल मार्गों के जरिये लैंड क्रूजर, डिफेंडर और मासेराती जैसी लक्जरी कारों के अवैध आयात और पंजीकरण में संलिप्त है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कोयंबटूर स्थित एक नेटवर्क (भारतीय सेना, अमेरिकी दूतावास और विदेश मंत्रालय से जारी होने का दावा कर) फर्जी दस्तावेजों और अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश एवं अन्य राज्यों में फर्जी आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) पंजीकरण का उपयोग कर रहा है।

उन्होंने बताया कि बाद में इन वाहनों को फिल्मी हस्तियों सहित उन व्यक्तियों को कम कीमत पर बेच दिया गया, जो अत्यधिक संपन्न व्यक्ति (एचएनआई) हैं। ईडी को संदेह है कि यह मामला प्रथम दृष्टया फेमा की धाराओं- तीन, चार और आठ- का उल्लंघन करता है, जिसमें अनधिकृत विदेशी मुद्रा लेनदेन और हवाला चैनलों के माध्यम से सीमा पार भुगतान के आरोप शामिल हैं।

इस मामले से जुड़े एक घटनाक्रम में, केरल उच्च न्यायालय ने दुलकर सलमान को सीमा शुल्क विभाग द्वारा जब्त किए गए उनके वाहन को अनंतिम रूप से छोड़ने के लिए आवेदन दायर करने की मंगलवार को अनुमति दे दी और एजेंसी को निर्देश दिया कि यदि ऐसी याचिका दायर की जाती है तो उस पर एक सप्ताह के भीतर विचार किया जाए।

दुलकर के अनुसार, वाहन को रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति (आरसीआरसी) ने नयी दिल्ली स्थित आईसीआरसी के क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडल को भेजा था। अभिनेता ने अपनी याचिका में कहा कि उन्हें इस बात का पूरा विश्वास था कि वाहन का स्वामित्व एवं मोटर वाहन प्राधिकरण में इसका पंजीकरण वैध है और ऐसा कुछ भी नहीं था जिससे उन्हें इसकी वैधता पर संदेह हो।

अभिनेता ने दावा किया कि सीमा शुल्क अधिकारियों को वाहन के जो दस्तावेज सौंपे गए, उन्होंने उनकी समीक्षा करने से इनकार कर दिया और जल्दबाजी में एवं मनमाने ढंग से वाहन जब्त कर लिया।

सीमा शुल्क अधिकारियों ने 23 सितंबर को तीनों अभिनेताओं के घरों सहित केरल भर में लगभग 30 स्थानों पर छापे मारे थे और 36 लक्जरी कार जब्त की थीं। ‘ऑपरेशन नुमखोर’ के तहत की गई इन छापेमारी से पता चला कि इनमें से कुछ वाहनों का इस्तेमाल सोने और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए भी किया जाता था।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Greater Noida West को मिली सुपर स्पेशलिटी सौगात, CM योगी ने किया कपिल देव के KDGS अस्पताल का उद्घाटन

SEBI का कस्टोडियंस के लिए नया फरमान: विनियमित और गैर-विनियमित सेवाओं को करना होगा अलग, नेटवर्थ के नियम भी बदले

Subedaar Movie Review | अनिल कपूर का दमदार अभिनय, लेकिन कमजोर कहानी ने फीका किया फिल्म का असर

तय समय से पहले डराएगी Scary Movie 6, रिलीज डेट में हुआ बदलाव, जानें अब कब आएगी फिल्म