By रेनू तिवारी | Nov 04, 2025
केरल सरकार ने सोमवार को 2024 के लिए 55वें राज्य फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की, जिसमें ममूटी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और और शामला हमजा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में नामित किया गया। चिदंबरम की मंजुमल बॉयज ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित प्रमुख पुरस्कार जीते। यह सर्वाधिक कमाई करने वाली मलयालम फिल्मों में से एक है।
पैनल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 128 फिल्मों की जाँच की और अंतिम दौर के लिए 38 फिल्मों का चयन किया, जिनमें से विजेताओं का चयन किया गया।
सोमवार को घोषित विजेताओं में अभिनेत्री शामला हमज़ा का नाम उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने निर्देशक फ़ासिल मुहम्मद की फिल्म "फेमिनिची फ़ातिमा" में अपने अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। इस फिल्म को "मंजुम्मेल बॉयज़" के बाद दूसरी सर्वश्रेष्ठ फिल्म भी चुना गया और इसके निर्देशक फ़ासिल मुहम्मद को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला।
"मंजुम्मेल बॉयज़" ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सहित 10 पुरस्कार जीते। सर्वाइवल थ्रिलर "मंजुम्मेल बॉयज़" के निर्देशक चिदंबरम ने न केवल सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता, बल्कि सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा का पुरस्कार भी जीता। फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सौबिन शाहिर ने "ब्रमयुगम" के लिए सिद्धार्थ भारतन के साथ सर्वश्रेष्ठ चरित्र अभिनेता (पुरुष) का पुरस्कार जीता। "मंजुम्मेल बॉयज़" ने सर्वश्रेष्ठ साउंड मिक्सिंग और साउंड डिज़ाइन का भी पुरस्कार जीता। इसके कला निर्देशक अजयन चालिसरी ने सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन का पुरस्कार जीता, जबकि छायाकार शायजू खालिद ने सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार जीता।
Visit Prabhasakshi for Latest Entertainment News in Hindi Bollywood