Kerala: फर्जी Forex ट्रेडिंग के नाम पर अमेरिका में रह रहे NRI से 2.11 करोड़ रुपये की ठगी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

केरलम के कुन्नाथुनाडु के रहने वाले एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) को फर्जी ऑनलाइन विदेशी मुद्रा कारोबार मंच के जरिये निवेश का लालच देकर कथित तौर पर दो करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एर्नाकुलम ग्रामीण साइबर अपराध पुलिस ने बुधवार को एनआरआई के एक मित्र की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।

41 वर्षीय पीड़ित एनआरआई है और फिलहाल अमेरिका में रह रहा है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित को इंटरनेट पर ‘हैंडटेक मार्केट्स’ नाम की वेबसाइट का एक लिंक मिला था, जिसके बाद उसे टेलीग्राम समूह में जोड़ दिया गया। आरोपियों ने बाद में उसे ‘हैंडटेक मार्केट्स ग्लोबल लिमिटेड’ का लिंक भेजा, जो उसे विदेशी मुद्रा कारोबार की एक फर्जी वेबसाइट पर ले गया।

पुलिस ने बताया कि ठगों ने टेलीग्राम के जरिये पीड़ित को निवेश करने का तरीका बताया और उन्हें दिए गए लॉगिन विवरण का इस्तेमाल कर वेबसाइट पर लॉगिन करने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने अक्टूबर 2025 से कई बार अपने बैंक खातों से आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग खातों में रकम हस्तांतरित की। इस तरह फर्जी कारोबार मंच पर कथित तौर पर कुल दो करोड़ 11 लाख 35 हजार 77 रुपये निवेश किए गए।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तब ठगी का पता चला। हालांकि, उसे न तो मूल रकम लौटाई गई और न ही वादे के मुताबिक कोई मुनाफा दिया गया। भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। हालांकि, जिन बैंक खातों में रकम हस्तांतरित की गई है, उनका पता लगाया जा रहा है और उन्हें जल्द से जल्द फ्रीज कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Dollar की मजबूती से Rupee फिसला, शुरुआती सत्र में 93.77 के स्तर पर पहुंचा

Delhi में जहरीली हुई हवा, CPCB के अनुसार AQI 323 दर्ज

सत्ता, सुरक्षा और सीक्रेट अफेयर: क्या दो महिलाओं से रिश्तों के चलते छिनेगी Nvidia के CEO Jensen Huang की बादशाहत?

गुमराह करने वाला: Election Commission ने 2024 चुनावों में वोटों में गड़बड़ी के दावों को खारिज किया, निर्वाचन क्षेत्र के हिसाब से जारी किया डेटा