By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 07, 2026
तिरुवनंतपुरम, सात सितंबर दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर बने रहने और बारिश नहीं होने के कारण केरलम के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। इससे राज्य में बिजली की खपत बढ़ गई है और अधिकारियों ने शाम के समय बिजली की मांग चरम पर रहने के दौरान आंशिक बिजली कटौती की आशंका जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कोट्टायम में रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है।
तिरुवनंतपुरम शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा। केरलम राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) के अनुसार, सामान्य से अधिक तापमान के कारण राज्य में बिजली की खपत में काफी वृद्धि हुई है। इसी दौरान देशभर में बिजली की मांग भी बढ़ी है, जिससे बिजली विनिमय के जरिए बिजली की उपलब्धता कम हो गई है।
‘ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया’ के अनुसार, देश भर में बिजली की उपलब्धता में 12,000 मेगावाट की कमी पूरी तरह दूर नहीं हो पाई है। हाल के दिनों में केरलम में शाम के व्यस्त समय में मांग पिछले वर्षों के सितंबर महीने की तुलना में 500 से 800 मेगावाट अधिक रही है। केएसईबी ने बताया कि यदि पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होती है तो राज्य में शाम छह बजे से आधी रात के बीच आंशिक बिजली कटौती जरूरी हो जाएगी।