By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026
केरलम सरकार ने धान की खरीद के लिए उसकी आपूर्ति करने वाले किसानों को दिए जाने वाले राज्य प्रोत्साहन बोनस की चौथी किस्त के रूप में 49.96 करोड़ रुपये जारी किए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य के खाद्य मंत्री अनूप जैकब के अनुरोध और मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के निर्देश पर यह राशि तत्काल जारी की गई। जैकब ने बताया कि मौजूदा संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता संभालने के बाद दूसरी किस्त के रूप में 104.79 करोड़ रुपये और तीसरी किस्त के रूप में 150 करोड़ रुपये मंजूर किए जा चुके हैं।
राज्य सरकार यह प्रोत्साहन बोनस उन किसानों को देती है, जो सप्लाईको के माध्यम से धान की आपूर्ति करते हैं। यह राशि केंद्र सरकार द्वारा तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अतिरिक्त दी जाती है। मंत्री ने बताया कि केंद्र के 24.41 रुपये प्रति किलोग्राम एमएसपी और राज्य सरकार के 6.59 रुपये प्रति किलोग्राम प्रोत्साहन बोनस को मिलाकर, किसानों को फिलहाल धान के लिए कुल 31 रुपये प्रति किलोग्राम का भाव मिल रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले साल धान का कुल खरीद मूल्य 30 रुपये प्रति किलोग्राम था। इसमें केंद्र सरकार का हिस्सा 23.69 रुपये और राज्य सरकार का बोनस 6.31 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित था।