Kerala के गुफावासी Cholanaikkan आदिवासियों को सड़क किनारे बसाने की सिफारिश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

केरलम राज्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग ने चोलानाइकन समुदाय के लिए सड़कों के पास सामूहिक आवास सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है। चोलानाइकन समुदाय को एशिया के उन अंतिम बचे आदिवासी समुदायों में से एक माना जाता है, जो अब भी गुफाओं में रहते हैं। आयोग ने साथ ही उनके जीवन-यापन के पारंपरिक तरीकों और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, आयोग ने बृहस्पतिवार को यहां करुलाई ग्राम पंचायत के मंजेरी और कन्निक्काई आदिवासी बस्तियों का दौरा किया। आयोग ने कहा कि वह समुदाय की समस्याओं पर सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा और उनकी जीवन स्थितियों में सुधार के लिए उपायों की सिफारिश करेगा। चोलानाइकन समुदाय के लोग आजीविका के लिए मुख्य रूप से वन उपज एकत्र करने पर निर्भर हैं और बहुत कम ही जंगल से बाहर निकलते हैं।

एक बयान में कहा गया है कि इस समुदाय के करीब 70 परिवार फिलहाल लगभग 20 बस्तियों में रहते हैं। इनमें से करीब 40 प्रतिशत परिवार मौसम की परिस्थितियों के अनुसार गुफाओं और नदी-नालों के किनारे बने ठिकानों के बीच आते-जाते रहते हैं। आयोग के अध्यक्ष शेखरन मिनियोडन के नेतृत्व में एक दल ने बस्तियों का दौरा किया।

दल में आयोग के सदस्य सेतु नारायणन और टी. के. वासु तथा सहायक रजिस्ट्रार ए. अजित प्रसाद शामिल थे। दल ने 11 परिवारों से बातचीत कर उनकी रहने की स्थिति और समस्याओं को समझने का प्रयास किया। आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि दल ने मौके पर जाकर स्थिति का आकलन किया है और अपने निष्कर्षों को एक विस्तृत रिपोर्ट के माध्यम से सरकार के सामने रखेगा।

उन्होंने कहा कि मंजेरी में बार-बार जंगली हाथियों के हमले होने के कारण निवासी अपने ही घरों में नहीं रह पा रहे हैं। इसके कारण उन्हें अपने घरों की छतों पर झोपड़ियां बनाकर वहां रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है। आवास और जमीन समुदाय की प्रमुख मांगें हैं।

परिवारों ने जंगल के भीतर गुफाओं में रहने के बजाय पक्की सड़कों के किनारे घर और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी बाधाओं को दूर करने की भी मांग की। वन अधिकार अधिनियम के तहत आठ परिवारों को 10-10 एकड़ जमीन आवंटित करने की प्रक्रिया फिलहाल जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) के समक्ष लंबित है।

पीएचडी शोध के लिए अर्हता प्राप्त करने वाले चोलानाइकन समुदाय के पहले व्यक्ति सी. विनोद ने आयोग को बताया कि परिवारों को शहरों में स्थानांतरित करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसके बजाय, उनके प्राकृतिक परिवेश और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करते हुए सड़कों के पास सामूहिक आवास उपलब्ध कराना बेहतर विकल्प होगा। उन्होंने आयोग का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि आदिवासी भाषा और मलयालम के बीच अंतर के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है।

आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि चोलानाइकन समुदाय के जीवन स्तर में सुधार के लिए उपायों की सिफारिश की जाएगी। वन रेंज अधिकारी पी. के. मुजीब रहमान और आईटीडीपी के परियोजना अधिकारी विपिन दास भी आयोग के दल के साथ थे।

प्रमुख खबरें

भारत का सोना उठा लाए मोदी, 1 लाख सैनिक क्यों हुए तैनात?

पाकिस्तानी सीरीज Jo Bachay Hain Sang Samait Lo की रिलीज पर भड़का FWICE, नेटफ्लिक्स को दी देशभर में शूटिंग और काम रोकने की सख्त चेतावनी

YSRCP ने एक शर्त के साथ परिसीमन विधेयक के समर्थन का दिया संकेत, जानें क्या है Jagan Mohan Reddy की पार्टी की प्रमुख मांग

World Chess Championship: D Gukesh की चालों से हैरान हुए सिंदारोव, बोले- भारतीय खिलाड़ी की तैयारी थी बेहतर