Keshav Prasad Maurya ने जापानी कंपनियों को UP में Investment के लिए बुलाया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को जापानी कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का वैश्विक केंद्र बनने की क्षमता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश और जापान के बीच यहां एक कारोबारी संपर्क कार्यक्रम में यह बात कही। कार्यक्रम में खाद्य प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी और वैश्विक बाजार तक पहुंच के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गयी।

मौर्य ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश के खाद्य उत्पाद दुनिया भर में खाने की मेज तक पहुंचे।’’ उन्होंने कहा कि जापान की प्रौद्योगिकी और विशेषज्ञता राज्य के कृषि उत्पादों में मूल्यवर्धन करने, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। मौर्य ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने निवेश-अनुकूल नीतियों, प्रोत्साहनों और आधुनिक लॉजिस्टिक का मजबूत तंत्र तैयार किया है। हम जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश, नवाचार और विकास के लिए आमंत्रित करते हैं।’’ भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कृषि क्षमता, औद्योगिक आधार और प्रतिभाशाली मानव संसाधन जापानी कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसी व्यावहारिक साझेदारियां विकसित करनी चाहिए, जो प्रौद्योगिकी, निवेश और कौशल को स्थानीय अवसरों से जोड़ें और दोनों पक्षों के लिए दीर्घकालिक मूल्य का निर्माण करें।’’ कार्यक्रम में खाद्य प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी, स्थानीयकरण, आपूर्ति श्रृंखला और बाजार तक पहुंच को जापान-उत्तर प्रदेश सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया।

प्रमुख खबरें

OpenAI भारतीय शोधकर्ताओं को एक साल तक ChatGPT Plus देगी मुफ्त

भारत में शुरू हुई Avengers Doomsday की एडवांस बुकिंग, 17 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

OIC कोई रीजनल संगठन नहीं..UN में 57 मुस्लिम देशों के खिलाफ भारत का वोट

MS Dhoni बने Chennai Super Kings के मेंटर, IPL में बतौर खिलाड़ी सफर खत्म