खड़गे ने पार्टी नेताओं से कहा, लोकसभा चुनाव जीतने के लिए तन मन धन लगाएं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2018

कोल्हापुर (महाराष्ट्र)। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज महाराष्ट्र में पार्टी नेताओं से कहा कि ‘राज्य में वे 15 वर्ष सत्ता में रहे हैं’’ और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिये एकजुट हों और इसके लिए ‘तन-मन-धन’ से जुट जाएं। महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के शासन संभालने से पहले वर्ष 2014 तक राकांपा के साथ मिलकर कांग्रेस करीब 15 साल तक लगातार सत्ता में रही।

 

कांग्रेस के महाराष्ट्र के प्रभारी महासचिव खड़गे ने यहां पार्टी की ‘जन संघर्ष यात्रा’ के आरंभ के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण एवं पृथ्वीराज चव्हाण तथा अन्य नेताओं की मौजूदगी में यह टिप्पणी की। खड़गे ने कहा कि अगर कांग्रेस नेता एकजुट हो जायें तो सत्तारूढ़ भाजपा के लिए जीत पाना संभव नहीं होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश में माहौल खराब करने और एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ खड़ा करने का आरोप लगाया और केंद्र तथा महाराष्ट्र में कमान में बदलाव की अपील की। 

 

खड़गे ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के समूह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम इस मंच पर (अभियान आरंभ कार्यक्रम के दौरान) एक दूसरे का हाथ थामे और उसे ऊपर उठाये खड़े हैं। लेकिन हमें (कांग्रेस को चुनाव जिताने की खातिर) तन-मन-धन लगाने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तन-मन-धन लगाना होगा क्योंकि आपने भी 15-20 साल शासन किया है। आप सत्ता में रहे हैं। सभी को सहयोग करना चाहिए।’’

 

‘‘भय मुक्त’’ और ‘‘भाजपा मुक्त’’ भारत का आह्वान करते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी समय चुनाव का सामना करने को तैयार है। चव्हाण ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को खतरा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कोई भी कदम उठाने से नहीं डरी है। खड़गे ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार तर्कवादी नरेंद्र दाभोलकर और गोविंद पानसरे के हत्यारों को बचा रही है। 

प्रमुख खबरें

Travel Tips: हनीमून का बना रहे हैं प्लान तो भूलकर भी न जाएं ये जगह, धूप और पसीने से खराब हो जाएगी हालत

Pakistan : सुरक्षाबलों ने तहरीक-ए-तालिबान के दो आतंकवादियों को मार गिराया

मतदान प्रतिशत बढ़ने पर Mamata ने जताई चिंता, EVM की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए

Odisha के मुख्यमंत्री पटनायक ने चुनावी हलफनामे में 71 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की