भाजपा की जीत के दावों को खारिज किया खरगे ने, कहा-‘लोकसभा में 400 पार का दावा भी निकला खोखला’

By Renu Tiwari | Nov 08, 2025

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दावों को शनिवार को खारिज करते हुए कहा कि इन नेताओं का ‘‘400 पार’’ वाला दावा भी लोकसभा चुनाव में पूरी तरह गलत साबित हुआ था।

इसे भी पढ़ें: क्या है मानेसर जमीन घोटाला? भूपेंद्र हुड्डा को HC से नहीं मिली राहत, अब CBI कोर्ट में तय होंगे आरोप

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कुछ भी कह सकते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले वह ‘400 पार’ कहते रहे, लेकिन हुआ क्या? भाजपा बहुमत से दूर रह गई और अब वह जदयू और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी जैसे सहयोगियों पर निर्भर है।’’

जब उनका ध्यान शाह के इस दावे की ओर दिलाया गया कि बिहार विधानसभा की 243 सीट में से राजग को ‘‘160 से अधिक’’ सीटे मिलेंगी, तो खरगे ने कहा, ‘‘मैं फिर वही कहूंगा—उनका 400 पार वाला दावा याद रखिए, जो बुरी तरह विफल रहा।’’ प्रधानमंत्री के इस आरोप पर भी खरगे ने तीखी प्रतिक्रिया दी कि कांग्रेस राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने में अनिच्छुक थी और उसने दबाव में आकर ऐसा किया।

इसे भी पढ़ें: अयोध्या में बंटने लगे निमंत्रण पत्र, 7 लाख श्रद्धालु आ सकते हैं, PM मोदी 190 फीट ऊंचे राम मंदिर के शिखर पर करेंगे ध्वजारोहण

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमें कोई डरा नहीं सकता, यहां तक कि प्रधानमंत्री भी नहीं। महागठबंधन बिहार में सत्ता में आएगा। वह (मोदी) यह बताएं कि क्या ट्रंप ने भी उनके सिर पर ‘कट्टा’ रखा था?’’ उनका यह तंज इस संदर्भ में था कि अमेरिकी राष्ट्रपति कई बार यह दावा कर चुके हैं कि भारत ने इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान के साथ सैन्य टकराव रोकने का निर्णय उनकी मध्यस्थता से लिया था।

खरगे ने यह भी सवाल उठाया, ‘‘जब मोदी और शाह यह कह रहे हैं कि राजग सत्ता में लौटेगा, तो उन्होंने अब तक नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार क्यों नहीं घोषित किया? बिना नेतृत्व तय किए वे जीत का दावा कैसे कर सकते हैं?’’ इसी बीच, कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने भी ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में मोदी और शाह के 160 से अधिक सीट के दावे पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें कैसे पता? क्या वे ज्योतिषी हैं? अगर वे इतने आश्वस्त हैं, तो इसका मतलब है कि कुछ गड़बड़ चल रही है। हमारे नेता राहुल गांधी लगातार ‘वोट चोरी’ को उजागर कर रहे हैं।’’ मोदी के इस बयान पर कि ‘इंडिया गठबंधन’ का घोषणापत्र ‘‘झूठ का पुलिंदा’’ है, दोनों कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया। खरगे ने कहा, ‘‘मोदी को याद दिलाया जाना चाहिए कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने और विदेशों में जमा काला धन वापस लाने का वादा किया था। ये सब झूठे वादे साबित हुए हैं।

प्रमुख खबरें

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण

England में Kiwi बल्लेबाजों का कहर, 96 साल पुराना Test Record तोड़ रचा नया इतिहास

FIFA World Cup 2026 में गोलों की बौछार, Lionel Messi की Golden Boot की दावेदारी हुई मजबूत