By अभिनय आकाश | Oct 30, 2026
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने देश की ड्रोन तकनीक का तेजी से विस्तार करने का आह्वान किया और कई हथियारों के परीक्षणों का जायजा लिया। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब उत्तर कोरिया, अपने पड़ोसी और प्रतिद्वंद्वी दक्षिण कोरिया के साथ भारी सुरक्षा वाली सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति में उलझा हुआ है। उन्नत ड्रोन हासिल करना मिस्टर किम की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जो अब अपनी पारंपरिक और परमाणु, दोनों तरह की क्षमताओं को मजबूत करना चाहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की मदद करने के लिए भेजे गए उनके सैनिकों ने, रूसी सेना और युद्धक्षेत्र के अनुभवों से ड्रोन युद्ध के बारे में महत्वपूर्ण महारत हासिल कर ली होगी।
हालांकि, उन्होंने इन कदमों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया। खबर में कहा गया कि उत्तर कोरिया ने बाद में विभिन्न प्रकार के ड्रोन, मिसाइलों और 600 मिलीमीटर क्षमता वाले अति-सटीक मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर से हथियारों का परीक्षण किया। सरकारी मीडिया की ओर से जारी तस्वीरों में किम को आसमान में उड़ते प्रक्षेपास्त्रों का निरीक्षण करते देखा जा सकता है। एक अन्य तस्वीर में वह मुट्ठी भींचे नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी किशोर बेटी उनके पास खड़ी होकर तालियां बजा रही थी। दक्षिण कोरियाई सेना ने इससे पहले बताया था कि उसने बृहस्पतिवार को उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर वॉनसान से करीब 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का पता लगाया। 17 दिनों में यह पहली बार था, जब उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक हथियारों का परीक्षण किया