Kishtwar में पहाड़ी ढलान पर लगी भीषण आग, 11 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक पहाड़ी ढलान पर भीषण आग लग गई, जिस पर दमकल और अन्य बचाव दलों ने करीब 11 घंटे के संयुक्त अभियान के बाद मंगलवार सुबह काबू पा लिया। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन बड़ी संख्या में पेड़-पौधे जल गए।

सूखी घास के कारण आग तेजी से फैल गई। किश्तवाड़ अग्निशमन केंद्र के प्रभारी फारूक अहमद मीर ने पीटीआई भाषा को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर त्रिगाम में लगभग 1,000 कनाल (125 एकड़) सरकारी जमीन आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजकर 54 मिनट पर पहाड़ी की तलहटी में आग लगी और धीरे-धीरे ऊपर की ओर फैलने लगी।

इससे पलान और पेडल गांवों के लिए खतरा पैदा हो गया। आग को फैलने से रोकने के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने तत्काल अभियान शुरू किया। अधिकारी के अनुसार, गांवों की सुरक्षा के लिए दमकल वाहनों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया, जबकि आग बुझाने वाले विशेष उपकरणों से लैस कर्मियों को मौके पर भेजा गया।

आग आखिरी वाहन योग्य सड़क से करीब दो किलोमीटर आगे तक फैल गई थी, जिससे अभियान में काफी मुश्किलें आईं। उन्होंने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग, नागरिक प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय स्वयंसेवकों के करीब 11 घंटे के लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार सुबह छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सनी गुप्ता और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया तथा आग बुझाने के अभियान की निगरानी की।

उन्होंने कहा कि आग लगने का सटीक कारण अभी पता नहीं चला है। आशंका है कि पटाखे या किसी अन्य स्रोत से दुर्घटनावश आग लगी होगी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और किश्तवाड़ के विधायक शगुन परिहार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई।

प्रमुख खबरें

Khyber Pakhtunkhwa के टैंक में हथियारबंद लोगों ने 3 Polio कर्मियों को अगवा किया

राहुल की चुनौती क्यों स्वीकार नहीं करते मोदी

नेतन्याहू की विदाई से क्या फंस गया भारत! आइजनकोट के PM बनते ही टूटेंगे संबंध?

बारिश से तीसरा Test ड्रॉ होने के बाद India A की आगामी सीरीज़ की तैयारी पुख्ता