By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
देवदत्त पडिक्कल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और अर्धशतक लगाया जबकि अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल शतक के करीब पहुंच गए हैं जिससे भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां लंच तक एक विकेट पर 239 रन बनाए। अपनी रक्षात्मक तकनीक और आक्रामक अंदाज का शानदार नमूना पेश कर रहे राहुल लंच के समय 93 और श्रीलंका के खिलाफ पिछली विदेशी श्रृंखला में लगातार दो शतक बनाने वाले पडिक्कल 53 रन पर खेल रहे थे। यह दोनों अभी तक दूसरे विकेट के लिए 109 रन जोड़ चुके हैं।
भारत ने पहले सत्र में एक भी विकेट नहीं गंवाया। भारत अब न्यूजीलैंड से केवल 129 रन पीछे है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे।
पहले सत्र के अंतिम पलों में राहुल ने ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया। यह भारतीय पारी का पहला छक्का था। उन्होंने फिलिप्स के अगले ओवर में कवर क्षेत्र में चौका लगाकर अपना स्कोर 90 रन के पार पहुंचाया।
भारत ने सुबह एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा बेंगलुरु के इन दोनों बल्लेबाजों को पिच से किसी तरह की परेशानी नहीं हुई जो टेस्ट के पहले दिन से ही बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी हुई है। न्यूजीलैंड में खेले गए टेस्ट मैचों में यह केवल तीसरा अवसर है जबकि मेहमान टीम ने पहले दो विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की है। राहुल ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 109 रन जोड़ने से पहले यशस्वी जायसवाल (85) के साथ पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की थी।