घर पर कैसे झटपट बनाएं रसगुल्ले, जानिए इसकी रेसिपी

By मिताली जैन | Jun 22, 2021

खाना खाने के बाद अक्सर कुछ मीठा खाने की इच्छा होती है। लेकिन कोरोना काल में बाहर से कुछ खरीदकर खाना सुरक्षित नहीं माना जाता। ऐसे में घर पर ही मीठा बनाना अच्छा विचार है। यूं तो आप कई तरह की मिठाई बना सकते हैं, लेकिन रसगुल्ला एक ऐसी मिठाई है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक के मन को भाती है। हालांकि, इसे घर पर बनाना भी बेहद आसान है। तो चलिए आज हम आपको टेस्टी रसगुल्ले बनाने की रेसिपी के बारे में बता रहे हैं−

1 लीटर दूध

3 बड़े चम्मच नींबू का रस

1 छोटा चम्मच कॉर्नफ्लोर

1 कप चीनी

4 कप पानी

विधि−

रसगुल्ला बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले के पैन में दूध गरम करें। दूध में उबाल आने के बाद, गैस बंद कर दीजिये और 1/2 कप पानी डालकर तापमान को थोड़ा कम कर दीजिये। दूध के फटने तक नींबू का रस डालें। फटे हुए दूध को मलमल के कपड़े से छान लें। अब आपके पास "छेना" या "पनीर" उपलब्ध है। छैना से सारा पानी निकालने के लिए मलमल के कपड़े को निचोड़ लें। छैना को एक प्लेट में निकाल लें और उसमें कॉर्नफ्लोर डाल दें। छैना को हाथ से मसल कर 10 मिनट के लिए मैश कर लीजिये, छैना नरम और चिकना हो जायेगा। यह एक बेहद जरूरी स्टेप है, जिसे आपको बिल्कुल भी मिस नहीं करना चाहिए, अन्यथा आपके रसगुल्ले नरम नहीं बनेंगे।

इसे भी पढ़ें: गुजराती स्टाइल में मोहनथाल बनाने के लिए पढ़ें यह रेसिपी

मैश होने के बाद छैना से छोटे छोटे गोले बना लीजिये। इस बीच एक पैन में चीनी और पानी मिलाएं और इसे तेज तापमान पर उबलने दें। खौलते हुए चाशनी में रसगुल्ले के गोले डालिये। रसगुल्ले को चीनी की चाशनी में तेज आंच पर 18−20 मिनट तक पकाएं। रसगुल्लों को चाशनी के साथ ठंडा करें और ठंडा−ठंडा सर्व करें। 

रखें इन बातों का ध्यान-

रसगुल्ले बनाने के लिए एक चौड़े पैन का इस्तेमाल करें। दरअसल, उबलते चीनी की चाशनी में डालने पर वे आकार में बढ़ जाते हैं इसलिए रसगुल्ले को कड़ाही में पकाने के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए।

चीनी की चाशनी बनाते समय पानी और चीनी के अनुपात पर भी ध्यान दें। मसलन, 1 कप चीनी के लिए आपको 4 कप पानी डालकर तेज आंच पर उबालना है।

रसगुल्ले चीनी की चाशनी में पकाते समय आकार में बढ़ जाते हैं इसलिए पनीर से गोले बनाते समय उन्हें छोटा ही रखें। जब रसगुल्ले पक रहे हों तो आंच पूरे समय तेज होनी चाहिए।

मिताली जैन

प्रमुख खबरें

BJP New Team पर RSS की मुहर! Modi के विज़न संग सामाजिक समीकरण पर रहेगा जोर

Bengal में LoP पद पर संग्राम, विधानसभा Speaker के खिलाफ High Court पहुंचीं ममता बनर्जी

Maharashtra में Operation Tiger की चर्चा, Shiv Sena UBT के 16 MLA-6 MP बदल सकते हैं पाला

Bangladesh PM Adviser को Delhi Air Port पर ढाई घंटे रोक कर Dhaka को सख्त संदेश दे दिया गया है