By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026
कोलकाता, 28 जुलाई पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पुरुलिया जिले में कार्रवाई कर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और सात लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पुरुलिया जिला पुलिस के साथ मिलकर सोमवार रात पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलकुड़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 18 पर एक ट्रक को रोका और उससे बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया। मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के दौरान बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अवैध मादक पदार्थ तस्करी और युवाओं तथा समाज की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए खतरा पैदा करने वाली किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाती है। उन्होंने यह भी कहा, मैं हमारे पुलिसकर्मियों की निरंतर सतर्कता और समर्पण की सराहना करता हूं। हम आपराधिक गिरोहों को पूरी सख्ती से खत्म करने का अभियान जारी रखेंगे।