By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026
ठाणे, 28 जुलाई महाराष्ट्र में एक व्यक्ति ने अपनी महिला साथी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के शक में कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को कार में कोल्हापुर से ठाणे ले गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कोल्हापुर जिले के शिरगांव निवासी 40 वर्षीय प्रकाश आनंदा पाटिल के रूप में पहचान किए गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को कपड़े में लपेटकर कार में रखा और रातभर वाहन चलाकर उसे कोल्हापुर से 350 किलोमीटर से अधिक दूर ठाणे जिले के भिवंडी स्थित कासेली ले गया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह भिवंडी के एक स्थानीय व्यक्ति से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन का पता लगाया और पाटिल को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने कहा, हमने आरोपी को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और कार्रवाई के लिए मामला संबंधित क्षेत्राधिकार वाले पुलिस थाने को स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी शव को ठिकाने लगाने की क्या योजना बना रहा था, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।