Kolkata भगदड़ के बाद पांच प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में तैनात होंगे डॉक्टर्स, छुट्टियां रद्द

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026

कोलकाता में भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद सतर्कता बढ़ाते हुए पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए महानगर के पांच प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में चिकित्सकों की तैनाती करने का फैसला किया है। चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। छुट्टी पर गए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों को भी तत्काल ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया गया है।

मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक कॉलेज स्क्वायर दुर्गा पूजा पंडाल में तैनात रहेंगे। वहीं, नेशनल मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक एकडालिया एवरग्रीन और एसएसकेएम अस्पताल के चिकित्सक चेतला अग्रणी पूजा पंडाल में ड्यूटी करेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने शहर के प्रमुख अस्पतालों को निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान उनके आपातकालीन विभाग पूरी तरह से कार्यरत रहें।

आदेश में कहा गया है कि किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति में घायलों की आपात सर्जरी में देरी से बचने के लिए हड्डी रोग विशेषज्ञों, न्यूरोसर्जन और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को बारिश के बीच भीड़ बढ़ने के कारण भगदड़ मच गई थी। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी और 25 अन्य घायल हो गए थे।

उत्तर 24 परगना जिले के स्वास्थ्य प्रशासन को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। दक्षिणेश्वर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और टाकी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ निलंबन या बर्खास्तगी सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख खबरें

Aung San Suu Kyi को King Charles III द्वारा भेजी गईं पुस्तकें म्यांमा प्रशासन ने सौंपी

पूर्व डिप्टी सीएम KS Eshwarappa को आए दो धमकी भरे फोन, पुलिस में दी शिकायत

Delhi Police के सिपाही और उसके साथी ने किया अपहरण, डेढ़ लाख फिरौती मांगने पर गिरफ्तार

Mizoram में DRI की बड़ी कार्रवाई, 8.64 करोड़ रुपये मूल्य की 43 लाख से अधिक विदेशी सिगरेट जब्त