By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026
राजस्थान में कोटा जिले की कुकड़ाखुर्द ग्राम पंचायत के सरपंच चुनाव के दौरान निर्वाचन अधिकारी के पद पर तैनात एक सहायक अभियंता की शुक्रवार रात मतगणना के दौरान कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, कि कोटा ताप विद्युत संयंत्र में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत सुरेश मीणा जिले के कनवास इलाके के मूल निवासी थे।
अधिकारियों के अनुसार, चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें एसआरजी अस्पताल, झालावाड़ में स्थानांतरित कर दिया, जहां डॉक्टरों ने रात करीब नौ बजे दोबारा सीपीआर दिया और बिजली के झटके दिए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस आपात स्थिति के कारण मतगणना का काम कुछ समय के लिए बाधित रहा। इसके बाद अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी और अन्य कर्मियों ने प्रक्रिया को दोबारा शुरू कराया और देर रात नतीजे घोषित किए, जिसमें संदीप सिंह 195 मतों के अंतर से सरपंच चुने गए।
मीणा के शव को बाद में कोटा के नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मीणा के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
मोडक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।