By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 12, 2021
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने मंगलवार को कहा कि ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) के कोरोना वायरस टीके ‘कोविशील्ड’ की 3.64 लाख खुराक की पहली खेप उन्हें मिल गई है। ‘स्पाइजेट’ का एक मालवाहक विमान इसे लेकर यहां पहुंचा। तेलंगाना के जन स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी. श्रीनिवास राव ने कहा, ‘‘सरकार को ‘सीरम इंस्टीट्यूट’ के टीके कोविशील्ड की 3.64 लाख खुराक मिल गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ टीकों को 139 केन्द्रों पर भेजा जाएगा, जहां 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू होगा।’’
शमशाबाद के डीसीपी प्रकाश रेड्डी ने बताया कि हवाईअड्डे के मालवाहक केन्द्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के साथ इन्हें सरकारी केन्द्र भेजा गया। टीकों के भंडारण केन्द्र पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूजा करने के बाद टीकों के डिब्बों को ‘फ्रीजर’ में रख दिया गया। राज्य सरकार ने पहले ही राज्य भर में लगभग तीन करोड़ खुराक रखने के लिए ‘कोल्ड चेन स्टोरेज’ की व्यवस्था कर ली थी।