एशियाई पैरा खेल: Krishna Nagar और Sivarajan ने जीता युगल में रजत पदक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

भारत के कृष्णा नागर और सिवाराजन सोलाइमलाइ ने एशियाई पैरा खेलों की पुरूष युगल एसएच6 बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक जीता जबकि एसएल4 वर्ग में भारत के तीन पदक पक्के हो गए। कृष्णा और सिवाराजन तीन मैचों में एक जीत और दो हार के बाद दूसरे स्थान पर रहे। सिर्फ चार टीमें होने के कारण ग्रुप में स्थिति के आधार पर पदक तय किये गए।

इससे पहले मौजूदा चैंपियन सुहास एलवाई और दो अन्य खिलाड़ियों के सेमीफाइनल में पहुंचने से भारत ने पुरुषों के एकल एसएल4 बैडमिंटन प्रतियोगिता में तीन पदक पक्के कर दिए। वर्तमान में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और आईएएस अधिकारी सुहास ने कोरिया के चो नादान को 21-12 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान से होगा। सेतियावान ने क्वार्टरफाइनल के एक अन्य मैच में भारत के सुकांत कदम को 21-17, 18-21, 21-15 से हराया।

दूसरा सेमीफाइनल दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों नवीन शिवकुमार और अभिजीत सखूजा के बीच खेला जाएगा। नवीन ने क्वार्टरफाइनल में कोरिया के शिन क्युंग ह्वान को 21-14 21-4 से जबकि अभिजीत ने हमवतन सूर्यकांत यादव को 21-16 21-12 से हराया। एसएल4 श्रेणी में ऐसे खिलाड़ी भाग लेते हैं जिनके निचले अंग दिव्यांग होते हैं लेकिन दौड़ने में उनका संतुलन एसएल3 श्रेणी के खिलाड़ियों से बेहतर होता है।

प्रमुख खबरें

मध्य पूर्व तनाव के बीच Crude Oil उछला, Brent Crude 110 डॉलर के पार पहुंचा

Adani Green Energy का शुद्ध लाभ 16% बढ़कर 747 करोड़ रुपये पर पहुंचा

पत्नी Hailey के साथ म्यूजिक नाइट पर निकले Justin Bieber, शेयर किया फोटो डंप

MP में CM Mohan Yadav ने बांटे 954 अनुकंपा नियुक्ति पत्र, 200 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों को भी मिली मंजूरी