By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को स्कूल शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के तहत चयनित 954 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यादव ने विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय बहुल क्षेत्रों में 200 नए सांदीपनि विद्यालयों के भवनों के निर्माण को मंजूरी दिए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन भवनों का निर्माण जनजातीय कार्य विभाग के तहत किया जाएगा और इसके अलावा, स्कूल शिक्षा विभाग के तहत भी 200 नए विद्यालय भवन बनाए जाएंगे।
यह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।’’ उन्होंने कहा कि सरकार ने त्योहारों के दौरान अनुकंपा नियुक्ति को प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बुधवार को नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में सहायक ग्रेड-तीन के 661, प्राथमिक शिक्षक के 31 और चतुर्थ श्रेणी के 262 कर्मचारी शामिल हैं। यादव ने कहा कि वर्ष 2002-03 तक स्कूल शिक्षा का बजट 400 करोड़ रुपये से कम था, जो अब बढ़कर 38,000 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाओं और खेल सुविधाओं सहित उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।