Kulgam Encounter: लश्कर कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों की घेराबंदी में फंसा, सरेंडर से इनकार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को जारी मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने उसकी घेराबंदी में फंसे लश्कर-ए-तैयबा के सर्वाधिक वांछित ‘कमांडर’ लतीफ भट को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया लेकिन उसने इससे इनकार कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भट कश्मीर घाटी में जीवित बचा एकमात्र स्थानीय आतंकवादी है।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के घाटी की मस्जिदों से सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले मुठभेड़ शुरू हुई। इससे पहले, सोमवार को दक्षिण कश्मीर के इस जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार नाम के आतंकवादी को मार गिराया था। डार 11 नवंबर को कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले में शामिल आतंकवादियों में से एक था।

भट सोमवार को मुठभेड़ स्थल से बचकर फरार हो गया था। ऐसा माना जा रहा है कि भट और डार, दोनों ने 11 नवंबर को सीआरपीएफ की चौकी पर हमला किया था जिसमें अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया।

यह गांव पहले हुई मुठभेड़ के स्थल से कुछ दूरी पर स्थित है। भट के घेराबंदी में फंसने के बाद सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। सुरक्षाबलों द्वारा उससे आत्मसमर्पण करने के लिए कहने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

हालांकि, भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इससे पहले कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कुलगाम में मुठभेड़ शुरू होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने पोस्ट में कहा, ‘‘कुलगाम में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के संयुक्त दल तथा आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।’’ सुरक्षाबलों ने सोमवार को डार को मार गिराया था लेकिन उसके बाद से गोलीबारी नहीं हुई थी।

हालांकि, सुरक्षाबलों ने भट का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए पहले हुई मुठभेड़ के स्थल के आसपास एक बड़े इलाके में व्यापक तलाश अभियान जारी रखा था। बुधवार तड़के तलाश अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का भट से फिर सामना हुआ जिसके बाद दोबारा गोलीबारी शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, डार ने कथित तौर पर भट को करीब छह महीने तक पनाह दी और उसे अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई।

दोनों ने पिछले सप्ताह सीआरपीएफ की चौकी पर हमला करने से पहले इलाके की रेकी की थी। डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। वह पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) में कथित तौर पर शामिल हुआ था।

इसके बमुश्किल एक सप्ताह बाद सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया।

प्रमुख खबरें

Nvidia बोर्ड का Jensen Huang को फिर से CEO बनाने से इनकार

Total Chess World Championship Tour: Arjun Erigaisi और Praggnanandhaa ने जीते क्लासिफिकेशन मैच

Akshay Navami पर भगवान विष्णु की आराधना से मिलता है संतान सुख और सौभाग्य, यहां देखें मुहूर्त

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी