Nvidia बोर्ड का Jensen Huang को फिर से CEO बनाने से इनकार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने मंगलवार को कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल का जेनसन हुआंग को दोबारा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने का कोई इरादा नहीं है। जोन्स का यह बयान हुआंग के उस बयान के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि निदेशक मंडल उन्हें वापस बुलाता है तो वह कंपनी का फिर से नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। एक कथित चीनी जासूस के साथ विवाहेतर संबंधों के खुलासे के बाद पिछले सप्ताह अचानक कंपनी छोड़ने वाले हुआंग का यह पहला सार्वजनिक बयान था।

दरअसल हुआंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि यदि निदेशक मंडल को लगता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और देश के हित में होगी, तो वह इस जिम्मेदारी को दोबारा संभालने का अवसर मिलने पर सम्मानित महसूस करेंगे। उन्होंने अपने निजी जीवन में ‘‘गंभीर गलतियां’’ करने की बात भी स्वीकार की। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क समेत प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने का समर्थन किया है।

कृत्रिम मेधा (एआई) उद्योग के दिग्गजों में शामिल हुआंग के नेतृत्व में एनवीडिया उन्नत एआई मॉडल के लिए आवश्यक चिप उपलब्ध कराने वाली अग्रणी कंपनी बनी। हुआंग के करीबी माने जाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनकी वापसी का समर्थन किया है। हुआंग ने अपने निजी जीवन में गंभीर गलतियां करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें कंपनी में वापस लाने के लिए कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों से व्यापक समर्थन मिला है।

इसबीच एनवीडिया ने मंगलवार को जारी तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों में हुआंग के कंपनी से हटने या उनकी संभावित वापसी का कोई उल्लेख नहीं किया। कंपनी में जारी उथल-पुथल के बावजूद एनवीडिया का तिमाही प्रदर्शन वॉल स्ट्रीट के अनुमानों से कहीं बेहतर रहा। कंपनी ने 116 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है।

कंपनी की प्रति शेयर शुद्ध आय 2.70 डॉलर रही, जबकि विश्लेषकों ने 2.48 डॉलर प्रति शेयर आय का अनुमान जताया था। कैलिफोर्निया के सैंटा क्लारा स्थित एनवीडिया ने हुआंग के बयान पर टिप्पणी के लिए समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के पहले किए गए अनुरोध का जवाब नहीं दिया। पिछले सप्ताह शुरू हुए ‘स्टैंड विद जेनसन’ नामक हस्ताक्षर अभियान को लगातार समर्थन मिल रहा है।

इसमें एनवीडिया के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों, निवेशकों तथा सिलिकॉन वैली की अन्य हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं। अभियान के तहत निदेशक मंडल से मांग की गई है कि स्वतंत्र जांच पूरी होने तक या जब तक इस बात के ठोस प्रमाण नहीं मिल जाते कि हुआंग का कंपनी से जाना उसके हित में है, तब तक उन्हें दोबारा पद पर नियुक्त किया जाए। अभियान के आयोजकों ने एक खुले पत्र में कहा, ‘‘जेनसन को उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना पद से हटाया गया।

हमें ऐसा कोई साक्ष्य नहीं दिखाया गया है, जिससे इस विवाद में शामिल महिला के जासूस होने के आरोप की पुष्टि होती हो।’’ वहीं ट्रंप ने सोमवार को संकेत दिया था कि पूर्व सीईओ की वापसी हो सकती है। उन्होंने कहा कि हुआंग ने ‘‘एक बड़ा सबक सीखा है’’ और यदि उन्हें दोबारा नियुक्त किया जाता है तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी। हुआंग ने पिछले सप्ताह एनवीडिया से इस्तीफा दे दिया था।

बताया जाता है कि दो महिलाओं के साथ उनके विवाहेतर संबंधों का खुलासा होने के बाद निदेशक मंडल ने उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर किया। इनमें एक चीनी कारोबारी महिला थी, जिसके बारे में संदेह है कि उसका संबंध चीन की खुफिया एजेंसियों से था। दूसरी महिला कंपनी की एक वरिष्ठ अधिकारी थी, जो सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीनी खुफिया एजेंसियों से कथित संबंध रखने वाली कारोबारी महिला सिंगापुर स्थित क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी ‘मेगास्पीड इंटरनेशनल’ में अधिकारी थी। अमेरिकी अधिकारी इस कंपनी की जांच कर रहे हैं। उस पर अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों का उल्लंघन कर एनवीडिया की उन्नत एआई चिप अवैध रूप से चीनी कंपनियों तक पहुंचाने का आरोप है।

इस बीच, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के प्रमुख सांसदों ने मंगलवार को बताया कि हुआंग स्वेच्छा से संसदीय समितियों के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए सहमत हो गए हैं। उन्नत कंप्यूटर चिप की बिक्री को लेकर एनवीडिया की राष्ट्रीय स्तर पर जांच और निगरानी बढ़ रही है। हुआंग एक दिसंबर को संसदीय समितियों के समक्ष पेश होंगे, जबकि कंपनी के मुख्य कानूनी अधिकारी टिम टीटर दो दिसंबर को अपना बयान दर्ज कराएंगे।

प्रमुख खबरें

Kulgam Encounter: लश्कर कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों की घेराबंदी में फंसा, सरेंडर से इनकार

Total Chess World Championship Tour: Arjun Erigaisi और Praggnanandhaa ने जीते क्लासिफिकेशन मैच

Akshay Navami पर भगवान विष्णु की आराधना से मिलता है संतान सुख और सौभाग्य, यहां देखें मुहूर्त

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी