Congress विधायक Harish Dhami के समर्थन में उतरीं Kumari Selja, लगाया अपमान का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के मंच पर हुई तोड़फोड़ की घटना के संबंध में पार्टी विधायक हरीश धामी का समर्थन करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने उन्हें बोलने का मौका न देकर उनका अपमान किया गया। धारचूला विधायक धामी और उनके समर्थकों ने 14 नवंबर को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद मंच पर माइक और कुर्सियां फेंक दीं थीं। हरीश धामी ने मुख्यमंत्री के सामने बोलने का मौका न मिलने पर विरोध जताया था और दावा किया था कि बाद में उनके बोलने के दौरान माइक बंद कर दिया।

पुलिस ने मंच पर तोड़फोड़ करने के आरोप में विधायक सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था जिनमें से चार को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। एक सप्ताह के लिए राज्य के दौरे पर आईं सैलजा ने हरीश धामी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री के सामने सिर नहीं झुकाया और मुख्यमंत्री ने उन्हें उद्घाटन कार्यक्रम में बोलने का मौका न देकर उनका अपमान किया। बेरीनाग रवाना होने से पहले पिथौरागढ़ में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस विधायक अपने लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने उठाना चाहते थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने उन समस्याओं को नजरअंदाज करने का फैसला कर लिया था, इसीलिए धामी के बोलने से पहले ही वह वहां से चले गए।’’ सैलजा ने कहा कि धारचूला विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं और योजनाओं में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की तानाशाही लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘जौलजीबी में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में स्थानीय विधायक हरीश धामी को अपमानित किया गया। इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करने वाले चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना और बाद में उनकी गिरफ्तारी सरकार की कायरतापूर्ण हरकत है।’’ गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी को ऐसी हरकतों से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘पूरी कांग्रेस अपने गिरफ्तार साथियों के साथ एकजुटता से खड़ी है, उन्हें हर संभव कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी...कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने या उनकी आवाज दबाने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’ गोदियाल ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों से शुक्रवार को अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित करने और भाजपा नीत सरकार का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।

प्रमुख खबरें

जले नोट मिलने के मामले में जस्टिस Yashwant Varma बोले- इस्तीफा गलती की स्वीकारोक्ति नहीं, मैं निर्दोष हूं

BJP की विचारधारा खत्म, आठ महीनों में दिखेगा असर: राहुल गांधी

इस्तीफे के बाद पद से हटाने की कार्यवाही का कोई संवैधानिक आधार नहीं: Justice Yashwant Varma

Amit Shah बोले: लश्कर आतंकी लतीफ भट के खात्मे के साथ Kashmir 35 साल बाद स्थानीय आतंकियों से मुक्त