By अंकित सिंह | Apr 04, 2023
रामनवमी के दौरान बिहार के दो शहरों सहरसा और बिहारशरीफ से हिंसा की खबर आई थी। इसके बाद बिहार की राजनीतिक जबरदस्त तरीके से तेज हो गई है। बिहार में विपक्षी भाजपा नीतीश सरकार पर हमलावर है। तो वही जदयू की ओर से भी भाजपा पर पलटवार किया जा रहा है। इन सब के बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने एक बार फिर से भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा के नाव 2024 में डूबने वाली है। दरअसल, ललन सिंह अमित शाह के बयानों पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि डूबती नाव पर कौन सवार है ? बड़का झूठा पार्टी (भाजपा) नाम की नाव 2024 में डूबने वाली है। क्या कोई पार्टी भाजपा में जा रही है? महागठबंधन मजबूती से चल रहा है और 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी जीरो पर आउट होगी।
नवादा में अपनी रैली के दौरान अमित शाह ने कहा था कि 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से सत्ता में लाएं, और 2025 में विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने में मदद करें। सारे दंगाइयों को उल्टा लटका कर सीधा कर दिया जाएगा। शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद नीतीश सरकार खुद ही गिर जाएगी। उन्होंने नीतीश कुमार की ‘‘महागठबंधन’’ सरकार के कार्यकाल में ‘भ्रष्टाचार’, ‘अराजकता’ और ‘दमन’ का माहौल व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था मोदी जी ही ठीक कर सकते हैं।
हिंसा को लेकर अमित शाह ने यह भी कहा था कि मैंने स्थिति का जायजा लेने के लिए बिहार के राज्यपाल से बात की। ललन सिंह (जद (यू) के अध्यक्ष) इसका विरोध कर रहे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि मैं देश का गृह मंत्री हूं। अगर बिहार में अराजकता कायम है, तो मैं मूक दर्शक नहीं बन सकता। राज्य देश का एक हिस्सा है। वहीं, ललन सिंह ने कहा कि बिहार में कहीं भी कोई समस्या नहीं है, बिहार में कुछ ऐसे तत्व हैं जो राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव और एकता के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। सासाराम और बिहारशरीफ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश को राज्य सरकार ने 8 घंटे में पूरी मुस्तैदी से काबू में किया।