By अंकित सिंह | May 18, 2024
असम के सीएम और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने आज बिहार में ताबड़तोड़ रैलियों को संबोधित किया। सीवान के रघुनाथपुर में एक चुनावी सभा में बोलते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हमने असम में 700 मदरसों को बंद कर दिया और किसी ने इसके खिलाफ आवाज नहीं उठाई। क्यों? क्योंकि यह नया भारत है। आज मुल्ला बनने का दुकान खुलने नहीं दूंगा। डॉक्टर, इंजीनियर बनने का काम करूंगा। हमें 400 सीटें चाहिए ताकि हम समान नागरिक संहिता ला सकें, कृष्ण जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कर सकें, ज्ञानवापी मंदिर का निर्माण कर सकें और मुसलमानों को आरक्षण बंद कर सकें।
सरमा ने मुजफ्फरपुर में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील करते हुए लालू यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कहा कि मुसलमान को आरक्षण देना चाहते हैं, लेकिन, यह नया भारत है। यहां मुसलमान को आरक्षण नहीं मिलेगा। अगर इतना ही वह हमदर्द बनते हैं तो अपने दोनों बेटों को लेकर पाकिस्तान चले जाएं। फिर वहां सभी मुसलमानों को वहीं से आरक्षण दिलवा दें। इस दौरान में सीएम सरमा ने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि यह लोग मुस्लिम समुदाय के आरक्षण की बात को कहकर बाबा साहब अंबेडकर के संविधान का अपमान कर रहे हैं।
इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हिंदू लंबे समय के बाद "जग गए" हैं और उन्हें अब सतर्क रहना चाहिए। सरमा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण ने कुछ हद तक हिंदुओं के साथ होने वाले "अन्याय" को कम कर दिया है, लेकिन कृष्ण जन्मभूमि मुद्दा और ज्ञानवापी मस्जिद मामला अब तक अनसुलझा है। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हिंदुओं को सक्रिय होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिंदू को ठंडा मत करो। हिंदू अभी गरम हुआ है, गरम रहने दो। अभी लोगों ने 'जय श्री राम' बोलना शुरू किया है बहुत सालो बाद।