भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, दर्जनों लोग हुए लापता, बचाव कार्य में हो रही है रुकावट

By रेनू तिवारी | Aug 04, 2023

शुक्रवार को उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद कई लोग लापता हो गए। एक अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) द्वारा गौरीकुंड के पास राहत और बचाव अभियान जारी है।क्षेत्राधिकारी विमल रावत ने बताया कि भारी बारिश के साथ-साथ पहाड़ियों से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण राहत और बचाव प्रयासों में बाधा आ रही है।

उन्होंने कहा कि लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जिनमें कुछ नेपाल के भी हैं। अधिकारियों ने कहा लापता लोगों की पहचान विनोद (26), मुलायम (25), आशु (23), प्रियांशु चमोला (18), रणबीर सिंह (28), अमर बोहरा, उनकी पत्नी अनीता बोहरा, उनकी बेटियां, राधिका बोहरा और पिंकी बोहरा के रूप में की गई है। और बेटे पृथ्वी बोहरा (7), जतिल (6) और वकील (3) है।

इसे भी पढ़ें: हमारी ताकत है पेनल्टी कॉर्नर , एसीटी में चीन को हराने के बाद बोले हार्दिक सिंह

रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार मध्य रात्रि गौरीकुंड से कुछ मीटर दूर डाट पुलिया में तेज बारिश के दौरान एक बरसाती नाले में आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद तीन दूकानें बह गईं, जिससे उसमे रह रहे लोग भी लापता हो गए।

 

जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो दुकानें और एक खोखा मलबे के साथ बह गए। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने बताया कि हादसे में लापता 12 लोगों की पहचान हो गई है, जिनमें तीन से 14 साल की उम्र के पांच बच्चे भी शामिल हैं। कार्यालय के अनुसार, सूचना मिलने पर रात में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

 

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावत ने  बताया कि भारी बारिश के कारण बचाव एवं राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास पहाड़ से अभी भी रुक-रुककर पत्थर गिर रहे हैं।

उत्तराखंड में लगातारो हो रही है बारिश

उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को भी अनेक स्थानों पर बारिश हुई जबकि पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर में नदी पार करते समय उसके तेज बहाव में बहने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी। पुलिस के अनुसार, अशोक भंडारी (40) अपने तीन दोस्तों के साथ नदी पार कर रहा था और इसी दौरान नदी में अचानक पानी बढ़ जाने से वह उसके तेज बहाव के साथ बह गया। हालांकि, उसके तीनों दोस्त किसी तरह पानी से बाहर निकल आए। कोटद्वार के नत्थूपुर लालपानी के रहने वाले भंडारी का शव बरामद हो गया है। पौड़ी में ही एक अन्य घटना में, लक्ष्मणझूला क्षेत्र में बारिश से उफनाई ताल नदी में एक व्यक्ति लापता है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने पौड़ी के यमकेश्वर के रहने वाले जगदीश डबराल (60) की तलाश शुरू कर दी है। प्रदेश के अनेक स्थानों पर तेज बारिश होने से बरसाती नदी—नाले उफान पर हैं और गंगा—यमुना नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

पिछले 24 घंटों में हरिद्वार के रूड़की शहर में सर्वाधिक 105 मिमी बारिश दर्ज की गयी है जबकि हरिद्वार के ही रोशनाबाद में 38 मिमी, चमोली के पोखरी में 40 मिमी, चमोली शहर में 31.6 मिमी, नैनीताल के रामनगर में 30.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। इस बीच, मौसम विभाग ने बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं—कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और उधमसिंह नगर जिलों में बारिश के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

प्रमुख खबरें

NIIT Learning Systems ने अमेरिकी कंपनी Blue Water Learning को 167 करोड़ रुपये में खरीदा

Jamia Millia Islamia ने छात्र संघ संविधान को दी मंजूरी, 15 मई तय की समयसीमा

UP MLC Election: 11 सीटों के नतीजे घोषित, BJP ने 6 और SP ने 5 पर दर्ज की जीत

Arunachal Pradesh सीमा पर हालात सामान्य, Pema Khandu बोले- सेना कर रही मजबूत सुरक्षा